शैक्षणिक-टूर पर स्काउट गाइड टीम ने किया धार्मिक स्थलों का भ्रमण

  • Post By Admin on Jan 03 2024
शैक्षणिक-टूर पर स्काउट गाइड टीम ने किया धार्मिक स्थलों का भ्रमण

लखीसराय: चार दिवसीय शैक्षणिक परिभ्रमण में लखीसराय स्काउट गाइड की टीम जनकपुर पहुंच चुकी है। शैक्षणिक परिभ्रमण के दौरान प्रसिद्ध जनकपुर धाम का भ्रमण किया। जिला संगठन आयुक्त मृत्युंजय कुमार ने बताया कि शिक्षा के साथ मानसिक विकास के लिए शैक्षणिक परिभ्रमण जरूरी है।

मंदिरों के ग्राउंड में बच्चों को बीच में बैठाकर राम सीता से जुड़ी हर एक गाथाओं को बच्चों के बीच बताया गया। साथ ही साथ मंदिर के इतिहास को लेकर बताया कि नेपाल के जनकपुर में स्थित राम जानकी मंदिर एक प्रसिद्ध हिंदू मंदिर और ऐतिहासिक स्थल माना जाता है। हिन्दू मान्यता के अनुसार नेपाल स्थित जनकपुर में सीता माता विवाह से पूर्व रहा करती थी। हिंदू धर्म के अनुयायी इसे जनकपुर धाम के नाम से भी पुकारते हैं। सभी स्काउट गाइड ने जनकपुर स्थित जानकी मंदिर के आस पास और भी कई मंदिर का भ्रमण किया। टीम लीडर- बलराम कुमार, अनुराग आनंद, सूरज कुमार, शंभू कुमार, अमृता सिंह, काजल कुमारी, दिव्या कुमारी के साथ-साथ कैमूर जिला के डीओसी दिलीप कुमार सहित स्काउट गाइड दल के साथ मंदिर में आरती उतारी और फिर माथा भी टेका। मंदिर के पुजारी अनिल झा के साथ मंजीरा बजाते हुए और सीता राम का जाप करते हुए नजर आए। यह शहर धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन का केंद्र माना जाता है क्योंकि परंपरा और स्थल पर पाए गए पुरातात्विक साक्ष्यों के अनुसार, प्राचीन सभ्यता जनकपुरधाम को विदेह राजवंश की राजधानी के रूप में इंगित करती है जिसने प्राचीन काल में मिथिला क्षेत्र पर शासन किया था। इधर कहानी स्वरूप गाइड डीओसी वंदना कुमारी ने बच्चों को बताया कि ऐसा माना जाता है कि राजा जनक का महल प्राचीन जनकपुर में स्थित था क्योंकि इसे विदेह साम्राज्य की राजधानी माना जाता है। रामायण के अनुसार उन्हें एक कूंड में एक बच्ची मिली। उन्होंने उसका नाम सीता रखा और उसे अपनी बेटी के रूप में पाला। जब वह बड़ी हो गई, तो उसने उसका विवाह किसी ऐसे व्यक्ति से करने की पेशकश की जो एक हजार साल पहले जनकपुर के पास छोड़े गए शिव के धनुष को उठाने में सक्षम हो। कई शाही योद्धाओं ने कोशिश की लेकिन केवल अयोध्या के राजकुमार राम ही धनुष उठा सके।

इस चार दिवसीय शैक्षणिक परिभ्रमण में प्रत्येक दिन रात्रि में संस्कृति कार्यक्रम कराया जाता था जिसमें प्रथम स्थान पर अंशिका कुमारी, द्वितीय स्थान पर विनीता कुमारी, तृतीय स्थान पर खुशी कुमारी ने बाजी मारी। इन सभी लोग को लखीसराय जिला शिक्षा पदाधिकारी के हाथों से सम्मानित किया जाना है।