खरीफ फसल कटनी प्रयोग में डिजिटल व्यवस्था लागू, लखीसराय में अधिकारियों को प्रशिक्षण
- Post By Admin on Oct 16 2026
लखीसराय : खरीफ मौसम 2026-27 के दौरान कृषि उत्पादन से जुड़े आंकड़ों को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को लखीसराय समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला सांख्यिकी कार्यालय की ओर से आयोजित इस एक दिवसीय कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने की। इसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को फसल कटनी प्रयोग तथा कृषि सांख्यिकी के संकलन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि कृषि वर्ष 2026-27 के खरीफ मौसम में चयनित फसलों के फसल कटनी प्रयोग शत-प्रतिशत मोबाइल ऐप के माध्यम से किए जाएंगे। इस व्यवस्था से आंकड़ों की प्रविष्टि और संकलन की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के साथ पारदर्शिता बढ़ाने तथा कृषि उत्पादन के आकलन में सटीकता लाने में मदद मिलेगी। बड़हिया के सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी आलोक प्रभात ने प्रशिक्षण सत्र में फसल कटनी प्रयोग से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने चयनित फसलों की पहचान, फसल कटनी प्रयोग के चयन, निर्धारित प्रक्रिया के पालन, खेसरा पंजी के संधारण तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से आंकड़ों की प्रविष्टि से संबंधित बिंदुओं को समझाया।
प्रशिक्षण में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी सावधानी और समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कृषि उत्पादन के सही आकलन के लिए फसल कटनी प्रयोग से प्राप्त आंकड़ों का विश्वसनीय होना आवश्यक है। इसलिए आंकड़ों के संकलन और प्रविष्टि के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया। फसल कटनी प्रयोग के संचालन में प्रखंड और पंचायत स्तर पर तैनात पदाधिकारियों, कृषि समन्वयकों तथा किसान सलाहकारों की अहम भूमिका होती है। इनके माध्यम से जुटाए गए आंकड़े जिले में कृषि उत्पादन के आकलन और कृषि सांख्यिकी तैयार करने में उपयोग किए जाते हैं।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।