लखीसराय में साहित्यकारों का जुटेगा महाकुंभ, मासिक गोष्ठी में नवल कंठ पर होगा मंथन

  • Post By Admin on Aug 28 2026
लखीसराय में साहित्यकारों का जुटेगा महाकुंभ, मासिक गोष्ठी में नवल कंठ पर होगा मंथन

लखीसराय : लखीसराय हिंदी साहित्य सम्मेलन के तत्वावधान में आगामी रविवार, 30 अगस्त 2026 को मासिक कवि गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। यह बैठक शहर के प्रभात चौक स्थित होटल भारती में बने लखीसराय हिंदी साहित्य सम्मेलन के कार्यालय सभा कक्ष में सुबह 11:30 बजे से शुरू होगी।

कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए लखीसराय हिंदी साहित्य सम्मेलन के उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह आजाद ने बताया कि इस मासिक गोष्ठी में क्षेत्र के साहित्य प्रेमियों और कवियों का जमघट लगेगा। गोष्ठी के दौरान साहित्यिक चर्चाओं के साथ-साथ संस्था की प्रतिष्ठित पत्रिका नवल कंठ के आगामी अंक के प्रकाशन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।

उपाध्यक्ष ने जिले के सभी साहित्यकारों, कवियों और साहित्य अनुरागियों से अपील की है कि वे समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। साथ ही उन्होंने भाग लेने वाले रचनाकारों से अपनी-अपनी नवीनतम एवं मौलिक रचनाओं के साथ गोष्ठी में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का आग्रह किया है, ताकि पठन-पाठन और विचार-विमर्श का सत्र समृद्ध हो सके।