शिक्षकों के वेतन सत्यापन पर सख्ती, लखीसराय के स्कूल प्रधान 21 तक नहीं छोड़ेंगे शहर
- Post By Admin on Oct 16 2026
लखीसराय : शिक्षा विभाग, लखीसराय के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों के वेतन भुगतान से पूर्व मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली यानी एचआरएमएस में दर्ज आंकड़ों के विधिवत सत्यापन को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कड़ा आदेश जारी किया है। पटना स्थित शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) द्वारा 12 अक्टूबर 2026 को जारी पत्रांक 2072 के निर्देशों के आलोक में यह कदम उठाया गया है, जिसके तहत कर्मियों के वेतन निकासी से पहले एचआरएमएस पोर्टल पर उपलब्ध सभी तथ्यों व सूचनाओं की जांच निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करनी अनिवार्य है।
जारी आदेश के अनुसार लखीसराय जिले के सभी प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान शिक्षक, प्रभारी प्रधानाध्यापक और प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि वे अवकाश के दिनों में भी अर्थात 17 अक्टूबर 2026 से 21 अक्टूबर 2026 तक अपने मुख्यालय में ही अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि सत्यापन प्रक्रिया के दौरान यदि किसी अभिलेख अथवा सूचना की आवश्यकता पड़े, तो उनसे तुरंत संपर्क साधा जा सके। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी अत्यंत विशेष परिस्थिति में यदि मुख्यालय छोड़ने की आवश्यकता हो, तो जिला शिक्षा पदाधिकारी से पूर्व अनुमति लेना आवश्यक होगा। साथ ही सभी प्रधानाध्यापकों को हर समय अपना मोबाइल फोन चालू रखने की सख्त हिदायत दी गई है।
इसके अतिरिक्त जिले के सभी प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षिकाओं और शिक्षकेत्तर कर्मियों को भी अपने-अपने विद्यालय प्रधान के लगातार संपर्क में रहने को कहा गया है, जिससे जरूरत पड़ने पर आवश्यक दस्तावेज बिना किसी देरी के उपलब्ध कराए जा सकें। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को इस आदेश से अपने क्षेत्राधीन सभी विद्यालयों के प्रधानों व कर्मियों को अवगत कराते हुए इसका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।