उर्वरक निगरानी समिति एवं कृषि टास्क फोर्स से संबंधित बैठक आयोजित

  • Post By Admin on Jul 08 2023
उर्वरक निगरानी समिति एवं कृषि टास्क फोर्स से संबंधित बैठक आयोजित

कैमूर: आज दिनांक 08 जुलाई, 2023 को जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में उर्वरक निगरानी समिति एवं कृषि टास्क फोर्स से संबंधित बैठक की गई और निम्नवत दिशा निर्देश दिया गया।

समीक्षा के क्रम में जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि अब तक कुल लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 90% धान का बिचड़ा रोपा जा चुका है। साथ ही बीज वितरण की कार्यवाही की जा रही है और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। जिला पदाधिकारी द्वारा जिन दुकानों में उर्वरक की अधिक मात्रा है, का सत्यापन कराने हेतु जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देशित किया गया।

उर्वरक के नियंत्रित मूल्य पर बिक्री हेतु निरंतर सघन छापेमारी सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही निर्देशित किया गया कि प्रखंड अंतर्गत निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर उर्वरक बिक्री होने पर संबंधित प्रखंड के प्रखंड कृषि पदाधिकारी दोषी होंगे। उर्वरक की कालाबाजारी/जमाखोरी की रोकथाम हेतु सभी उर्वरक निरीक्षक अपने क्षेत्र अंतर्गत अधिक मात्रा में उर्वरक बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों पर सतत निगरानी रखेंगे। साथ ही पीओएस मशीन में उपलब्ध उर्वरक का भौतिक सत्यापन करना सुनिश्चित करेंगे।

जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा उर्वरक के समुचित एवं व्यवस्थित वितरण हेतु जिला एवं प्रखंड स्तर पर कंट्रोल रूम का गठन करने एवं वितरण संबंधी रजिस्टर संधारित करने हेतु निर्देशित किया गया। जिला कृषि पदाधिकारी को अगस्त एवं सितंबर माह के संभावित खपत के अनुसार उर्वरक की मांग विभाग से करने हेतु पत्राचार करने हेतु निर्देशित किया गया। उर्वरक की कालाबाजारी को रोकने हेतु उर्वरक निगरानी समिति द्वारा निर्णय लिया गया कि 10 बोरे से अधिक उर्वरक की खरीद हेतु मालगुजारी रसीद दिखाना अनिवार्य होगा।

जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा कार्यपालक अभियंता,सिंचाई प्रमंडल को निर्देशित किया गया कि नहरों में पानी टेल इंड तक पहुंचाने हेतु आवश्यक कार्यवाई करना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, सहायक निदेशक उद्यान, सहायक निदेशक भूमि संरक्षण सहित अन्य लोग उपस्थित थे।