पटना : चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने एक बार फिर नीतीश कुमार की सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में 13 करोड़ लोगों का भविष्य केवल 5 लोगों द्वारा तय किया जा रहा है। उनके अनुसार यह 5 लोग नीतीश कुमार स्वयं और उनके द्वारा चुने गए चार सेवानिवृत्त अफसर हैं। जिनकी ना तो कोई संवैधानिक जवाबदेही है और न ही वे जनता के प्रति जिम्मेदार हैं।

प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार ने सत्ता को इस कदर केंद्रीत कर लिया है कि अब न तो विधायकों न ही मंत्रियों की सुनवाई हो रही है। सरकार की कार्यशैली में अफसरशाही का दबदबा इतना बढ़ चुका है कि अब वह विधायक, सांसद या आम जनता की सुनवाई तक नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश सरकार में अफसरों का “जंगल राज” कायम है। जहां अफसर दिन में बिना किसी शर्म के भ्रष्टाचार और लूटपाट में लगे हुए हैं।

प्रशांत किशोर ने बताया कि पहले के शासन में अपराधी रात को लूटपाट करते थे लेकिन अब नीतीश कुमार के शासन में अफसर दिन में ही यह काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार ने सत्ता का केंद्रीकरण इस हद तक किया है कि राज्य की सरकार और प्रशासन केवल 5 लोगों के हाथों में सिमटकर रह गई है और उन 5 लोगों में से किसी को भी जनता से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अक्षमता के कारण जनता के दुख-दर्द में कोई सुधार नहीं हो पा रहा है।

प्रशांत किशोर ने बिहार में भ्रष्टाचार के बढ़ते मामलों को लेकर नीतीश सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य में पिछले कुछ वर्षों में भ्रष्टाचार का स्तर बहुत तेजी से बढ़ा है। उनका कहना था कि राज्य की अफसरशाही ने अपना पूरा ध्यान निजी फायदे पर केंद्रित कर लिया है। जिससे जनता की कोई सुनवाई नहीं हो रही है।