झारखंड का प्रतिनिधिमंडल खनन राजस्व बढ़ाने की रणनीति सीखने ओडिशा जाएगा

  • Post By Admin on Dec 09 2024
झारखंड का प्रतिनिधिमंडल खनन राजस्व बढ़ाने की रणनीति सीखने ओडिशा जाएगा

रांची : झारखंड सरकार ने खनन क्षेत्र से अधिक राजस्व सृजन की रणनीतियों को समझने और अपनाने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल को ओडिशा भेजने की घोषणा की है। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि इस दौरे का उद्देश्य ओडिशा के खनन क्षेत्र की प्रभावी नीतियों और रणनीतियों का अध्ययन करना है।

झारखंड, जो भारत के खनिज भंडार का 40% हिस्सा रखता है। खनन से सालाना लगभग 11,000-12,000 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित करता है। यह आंकड़ा ओडिशा के 40,000 करोड़ रुपये के राजस्व की तुलना में काफी कम है। वित्त मंत्री ने कहा, "हमारे पास संसाधन प्रचुर मात्रा में हैं लेकिन उन्हें सही तरीके से उपयोग करने की जरूरत है। खनन में केंद्रित प्रयासों से हम राज्य के राजस्व को बढ़ा सकते हैं।"

ओडिशा दौरे पर जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में खनन और वित्त विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। यह टीम वहां की खनन प्रक्रिया, नीतियों और प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल का अध्ययन करेगी। इसका उद्देश्य झारखंड में उन रणनीतियों को लागू कर राज्य के वित्तीय संसाधनों को अधिकतम करना है।

राज्य की आर्थिक स्थिति को सुधारने का प्रयास
किशोर ने कहा कि खनन क्षेत्र में सुधार झारखंड के वित्तीय स्वास्थ्य को मजबूत करेगा और विकास की गति को तेज करेगा। उन्होंने कहा, "हमारे पास संसाधनों का भंडार है, जरूरत है तो बस उनका सही और प्रभावी उपयोग करने की।"