​गो अप फाउंडेशन की सार्थक पहल: ‘माइंड मैटर्स’ के जरिए बच्चों को दी मानसिक संबल की सीख

  • Post By Admin on Oct 16 2026
​गो अप फाउंडेशन की सार्थक पहल: ‘माइंड मैटर्स’ के जरिए बच्चों को दी मानसिक संबल की सीख

मुजफ्फरपुर : विद्यार्थियों के समग्र विकास और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से गो अप फाउंडेशन ने एक विशेष पहल की है। संस्था द्वारा चलाए जा रहे प्रोजेक्ट 'माइंड मैटर्स’ के अंतर्गत चमरुआ स्थित एसआरटी स्कूल में एक दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सत्र का मुख्य केंद्र बच्चों में बढ़ते मानसिक तनाव की पहचान करना, मन की सेहत को प्राथमिकता देना और बिना किसी संकोच के अपनी भावनाएं साझा करने का वातावरण तैयार करना रहा।

सत्र को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए धीरज श्रीवास्तव ने मानसिक स्वास्थ्य की अहमियत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि जिस तरह हम अपने शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखते हैं, ठीक उसी तरह मानसिक स्वास्थ्य की देखरेख भी बेहद आवश्यक है। आमतौर पर शारीरिक रूप से अस्वस्थ होने पर हम तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेते हैं, लेकिन मन के उदास होने, अत्यधिक तनाव महसूस करने या आंतरिक उलझनों से घिरने पर मन की सेहत को अक्सर अनदेखा कर दिया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए स्पष्ट किया कि जब भी वे अकेलापन, दबाव या किसी भी प्रकार की मानसिक बेचैनी महसूस करें, तो चुप रहने के बजाय अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा किसी भी भरोसेमंद व्यक्ति से खुलकर संवाद अवश्य करें।

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों और विद्यालय प्रशासन को संबोधित करते हुए वक्ता ने इस बात पर विशेष बल दिया कि बच्चों पर केवल शैक्षणिक सफलता और बेहतर अंक लाने का दबाव न बनाया जाए। शिक्षकों से आग्रह किया गया कि वे कक्षा में ऐसा सहज माहौल विकसित करें जहां छात्र बिना किसी भय के अपनी भावनाएं, डर और उलझनें साझा कर सकें। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक एवं समस्त शिक्षक मौजूद रहे। वहीं गो अप फाउंडेशन की ओर से संस्था की निदेशक पूनम शर्मा, सुधा सिंह, रूपा सिन्हा और माला सिंह की उपस्थिति में यह जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।