एक महिला पढ़ेगी, सात पीढ़ी गढ़ेगी: महिलाओं के बीच शिक्षा की अलख
- Post By Admin on Sep 08 2026
मुजफ्फरपुर: अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर पुरानी गुदरी बीबी जान लेन मोहल्ले में ‘एक प्रयास मंच’ की ओर से महिलाओं के बीच शिक्षा एवं साक्षरता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को शिक्षा के महत्व से अवगत कराने के साथ उन्हें अपने परिवार और समाज को शिक्षित एवं जागरूक करने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंच के संस्थापक संजय रजक ने कहा कि शिक्षा के बिना मनुष्य का जीवन अधूरा है। प्रत्येक व्यक्ति का शिक्षित होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित व्यक्ति न केवल अपने परिवार को बेहतर दिशा देता है, बल्कि समाज और देश के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। संजय रजक ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 8 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य शिक्षा के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना और समाज में साक्षरता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि ‘एक प्रयास मंच’ का उद्देश्य ‘सब पढ़े, सब बढ़े’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से शहर के स्लम एवं जरूरतमंद लोगों के बीच लगातार पठन सामग्री का वितरण करने के साथ लोकगीतों के माध्यम से भी शिक्षा और जागरूकता का संदेश दिया जाता है।महिलाओं के बीच आयोजित कार्यक्रम में “एक महिला पढ़ेगी, सात पीढ़ी गढ़ेगी” का संदेश प्रमुखता से दिया गया। संजय रजक ने कहा कि जब एक महिला शिक्षित होती है तो उसका लाभ केवल उसके व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं रहता। वह अपने बच्चों की शिक्षा, परिवार के बेहतर भविष्य और समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। एक शिक्षित महिला आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा और संस्कार की मजबूत नींव दे सकती है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के बीच पठन सामग्री का वितरण किया गया। मंच की ओर से महिलाओं को शिक्षा से जुड़ने और अपने परिवार की अगली पीढ़ी को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया। महिलाओं ने भी शिक्षा के महत्व को समझते हुए अपने परिवार और आसपास के लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की प्रतिबद्धता जताई। आयोजकों ने कहा कि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियों के कारण कोई व्यक्ति शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। समाज के जरूरतमंद वर्ग तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने और लोगों में पढ़ने की रुचि विकसित करने के लिए ‘एक प्रयास मंच’ की ओर से जागरूकता अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा। कार्यक्रम में मंजु देवी, छठी कुमारी, सीमा देवी, शिल्पा, कविता, चांदनी, नितु, सुधा, संजू, पूनम, अंजली, प्रमिला, सरस्वती, चंदा, सीता एवं संजय रजक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।