बीआरएबीयू में बड़ा षड्यंत्र: पूर्व प्राचार्या के नाम से कुलपति के खिलाफ फर्जी मेल, साइबर थाने में शिकायत
- Post By Admin on Oct 23 2026
मुजफ्फरपुर : जिला स्थित बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय के खिलाफ फर्जी ईमेल आईडी बनाकर छवि धूमिल करने और झूठे आरोप लगाने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। अज्ञात तत्वों द्वारा लंगट सिंह महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्या प्रो. सुनीति पांडेय के नाम से एक फर्जी जीमेल आईडी तैयार की गई और 21 अक्टूबर को भारत की राष्ट्रपति समेत तमाम उच्च संवैधानिक अधिकारियों एवं जांच एजेंसियों को एक शिकायती पत्र भेजा गया। इस पत्र में विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के मनगढ़ंत आरोप लगाए गए थे।
मामले की जानकारी मिलते ही प्रो. सुनीति पांडेय ने 22 अक्टूबर को संबंधित उच्चाधिकारियों को स्पष्टीकरण मेल भेजकर इस पूरे घटनाक्रम से खुद को पूरी तरह अलग किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी ओर से ऐसा कोई पत्र अथवा मेल नहीं भेजा गया है, बल्कि उनके नाम का दुरुपयोग कर कुलपति महोदय को बदनाम करने की सोची-समझी साजिश रची गई है।
इस खुलासे के बाद विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. (डॉ.) समीर कुमार शर्मा ने मुजफ्फरपुर साइबर क्राइम पुलिस थाने के पुलिस अधीक्षक को औपचारिक शिकायत पत्र भेजकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) 2000 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने का आग्रह किया है। साथ ही साइबर पुलिस से ईमेल के मूल स्रोत, आईपी एड्रेस और तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच कर इस षड्यंत्र में शामिल दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई है।