सहयोग शिविर की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, ग्रामीणों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए निर्देश
- Post By Admin on Aug 04 2026
लखीसराय: जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले “सहयोग शिविर” की तैयारियों का मंगलवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सूर्यगढ़ा प्रखंड के मोहम्मदपुर एवं रामगढ़ चौक प्रखंड के शर्मा पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रतनपुर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बुधवार को आयोजित होने वाले इस सहयोग शिविर में बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सह लखीसराय के जिला प्रभारी मंत्री सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रशासन द्वारा शिविर को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने वाहन पार्किंग, आमजन के बैठने की व्यवस्था, पंजीकरण काउंटर, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त और सुव्यवस्थित कर ली जाएं, ताकि आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने जिला पदाधिकारी को बताया कि शिविर के लिए समीप स्थित सामुदायिक भवन में आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं और मांगों के साथ पंजीकरण करा रहे हैं। इससे शिविर में व्यापक जनभागीदारी की उम्मीद है।निरीक्षण के बाद जिला पदाधिकारी ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत के कई वार्डों में नल-जल योजना सुचारु रूप से संचालित नहीं होने के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसके अलावा लो वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
ग्रामीणों की शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता (विद्युत) से दूरभाष पर वार्ता की और बिजली आपूर्ति की समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि आमजन की मूलभूत समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जनप्रतिनिधि, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।