डीएम-डीडीसी ने किया आयुष्मान आरोग्य मंदिर मननपुर का निरीक्षण
- Post By Admin on Aug 04 2026
लखीसराय: जिले के चानन प्रखंड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, मननपुर का जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त (डीडीसी) ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों को मिल रही सेवाओं तथा केंद्र के समग्र कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO) ने अधिकारियों को बताया कि जुलाई माह में आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कुल 1008 मरीजों का उपचार किया गया। अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेते हुए मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी एवं डीडीसी ने टीबी मुक्त भारत अभियान की भी विस्तार से समीक्षा की। उपस्थित सीएचओ ने बताया कि अभियान के तहत मंगलवार को 18 संदिग्ध मरीजों के बलगम के नमूने ट्रू-नाट जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि समय पर टीबी की पहचान कर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार चानन प्रखंड टीबी उन्मूलन अभियान में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर रहा है। प्रखंड ने स्क्रीनिंग लक्ष्य का 96 प्रतिशत, एक्स-रे जांच लक्ष्य का 200 प्रतिशत तथा अन्य प्रमुख सूचकांकों में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना करते हुए अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।