उपायुक्त का कांके अंचल कार्यालय में औचक निरीक्षण, कार्रवाई के निर्देश

  • Post By Admin on Dec 11 2024
उपायुक्त का कांके अंचल कार्यालय में औचक निरीक्षण, कार्रवाई के निर्देश

रांची : रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मंगलवार को विधानसभा सत्र के बाद कांके अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

उपायुक्त ने सबसे पहले बायोमेट्रिक अटेंडेंस की जांच की और प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के लॉग बुक, जन शिकायत पंजी, रोकड़ पंजी, पेंशन आदि की जांच की। उन्होंने अबुआ आवास योजना की प्रगति के बारे में जानकारी ली और इस योजना के तहत आवास निर्माण में गति लाने का निर्देश दिया। साथ ही, लाभुकों को किस्तों में भुगतान में तेजी लाने की बात कही।

उपायुक्त ने अंचल कार्यालय में लंबित म्यूटेशन मामलों की जानकारी ली और उन मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी जय कुमार अनुपस्थित पाए गए। इसके बाद उपायुक्त ने अंचल अधिकारी के खिलाफ शो-कॉज नोटिस जारी करने और उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने और कार्य अवधि के दौरान आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने की हिदायत दी। उन्होंने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि आम लोगों को बार-बार छोटे कार्यों के लिए कार्यालय के चक्कर न काटने पड़े।

उपायुक्त ने कांके सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की और उन्हें समय पर काम पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, स्वास्थ्य केन्द्र के एंबुलेंस में पर्याप्त ऑक्सीजन की उपलब्धता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बढ़ती ठंड को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने कांके के प्रमुख स्थानों पर अलाव की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि रात्रि में कोई भी व्यक्ति खुले आसमान में न रहे।