कांग्रेस नेतृत्व भूपेंद्र सिंह हुड्डा से नाराज, हरियाणा में हार के बाद पार्टी में असंतोष
- Post By Admin on Oct 11 2024

चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की है, जबकि कांग्रेस को केवल 37 सीटों पर संतोष करना पड़ा। इस चुनावी हार ने कांग्रेस में गहरे असंतोष को जन्म दिया है। मतगणना के बाद से ही कांग्रेस ने चुनावी नतीजों पर सवाल उठाते हुए ईवीएम में गड़बड़ी के आरोप लगाए, लेकिन चुनाव आयोग ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।
इस बीच, कांग्रेस पार्टी के भीतर भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर असंतोष बढ़ रहा है। खबरों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व इस हार के लिए पूर्व मुख्यमंत्री और हरियाणा में पार्टी के प्रमुख चेहरे भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जिम्मेदार मान रहा है। यही कारण है कि हुड्डा पार्टी की कल की बैठक में शामिल नहीं हुए। कांग्रेस को अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए अब नए नेतृत्व की आवश्यकता महसूस हो रही है। पार्टी के भीतर यह चर्चा तेज हो गई है कि भविष्य की रणनीति क्या होगी।