अपराध नियंत्रण हेतु शुरू की गई चक्र ऐप

  • Post By Admin on Jan 07 2025
अपराध नियंत्रण हेतु शुरू की गई चक्र ऐप

मोतिहारी : अपराध नियंत्रण के लिए बिहार पुलिस ने तकनीकी के उपयोग को बढ़ावा दिया है और इसी कड़ी में पूर्वी चंपारण पुलिस ने “चक्र ऐप” का प्रभावी तरीके से इस्तेमाल शुरू किया है। एसपी स्वर्ण प्रभात द्वारा इस ऐप के उपयोग का निर्देश दिया गया है, जिसका उद्देश्य अपराधियों की पहचान और अपराध नियंत्रण में मदद करना है।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि इस ऐप का उपयोग विशेष रूप से वाहन चेकिंग के दौरान किया जा रहा है। चक्र ऐप के माध्यम से अपराधियों का डाटा बेस संकलित किया गया है। जिसमें वे सभी अपराधी शामिल हैं जो पहले बिहार राज्य में जेल जा चुके हैं। इस ऐप के जरिए, पुलिस कर्मी वाहन चेकिंग करते समय अपराधियों की पहचान करने में सक्षम हो रहे हैं। ऐप में अपराधियों की तस्वीरों और अन्य जानकारी का एक डेटाबेस है, जिससे अपराधियों की पहचान में आसानी होती है।

चक्र ऐप के जरिए, पुलिस कर्मी वाहन की कागजी कार्यवाही के अलावा चेहरे की पहचान (फेस रेकग्निशन) के माध्यम से अपराधियों को पकड़ रहे हैं। यह तकनीक विशेष रूप से उन अपराधियों के लिए कारगर साबित हो रही है जो फिर से अपराध करने की योजना बना रहे थे। इस ऐप के इस्तेमाल से अब तक कई अपराधियों को पकड़ा जा चुका है और पुलिस ने इसे अपराध नियंत्रण के लिए एक महत्वपूर्ण उपकरण माना है।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि जल्द ही राज्य सरकार के आदेश पर सभी पुलिसकर्मियों को चक्र ऐप इंस्टॉल करके दिया जाएगा। जिससे पूरे राज्य में इसकी प्रभावशीलता को और बढ़ाया जा सके। ऐप का उद्देश्य अपराधों पर नियंत्रण पाना और पुलिस के कामकाजी माहौल को और अधिक आधुनिक बनाना है।

चक्र ऐप में कई उपयोगी सुविधाएँ उपलब्ध हैं। जिनमें आम जनता द्वारा पुलिस के पास अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज करना, पुलिस रिपोर्टों और घटनाओं का इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड, मामलों की स्थिति और अनुसंधान की प्रगति की जानकारी, पासपोर्ट से जुड़ी आवश्यक जांचें, प्रवासी श्रमिकों से संबंधित शिकायतें, विदेशी नागरिकों और कंपनियों से संबंधित जानकारी, आपातकालीन सेवाओं से संपर्क के लिए हेल्पलाइन, नजदीकी पुलिस स्टेशन की जानकारी और समुदाय पुलिसिंग और सहयोगी कार्यक्रम शामिल हैं।