गांधी मैदान में होगा बदलो बिहार महाजुटान : माले

  • Post By Admin on Feb 19 2025
गांधी मैदान में होगा बदलो बिहार महाजुटान : माले

मुजफ्फरपुर : भाकपा-माले के आह्वान पर 2 मार्च को पटना के गांधी मैदान में आयोजित होने वाली ‘बदलो बिहार महाजुटान’ की तैयारी जोरों पर है। शहर से लेकर गांव-गांव तक इस महाजुटान की तैयारी के लिए जन आंदोलनों, जन संगठनों और पार्टी के नेता-कार्यकर्ता मुहल्लों व गांवों में बैठकें और जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। इसमें स्कीम वर्कर्स, रसोईयों, आशाकर्मियों, जीविका दीदियों और महिला समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

महाजुटान में महिला संगठन ऐपवा की राष्ट्रीय महासचिव और माले के पॉलिट ब्यूरो सदस्य मीना तिवारी भी 20 फरवरी से 23 फरवरी तक मुजफ्फरपुर के दौरे पर आ रही हैं। वे औराई, गायघाट, बोचहां, कटरा, शहर सहित अन्य क्षेत्रों में दर्जनों गांव, पंचायत और वार्ड स्तर पर जनसभाओं और बैठकों को संबोधित करेंगी।

माले के जिला सचिव कृष्णमोहन ने बताया कि महाजुटान की तैयारियों में विभिन्न संगठन भी सक्रिय रूप से शामिल हैं। इंसाफ मंच मुसलिम समुदाय के बीच, सहारा भुगतान संघर्ष मोर्चा सहारा उपभोक्ताओं के बीच, छात्र संगठन आइसा और नौजवान संगठन इंकलाबी नौजवान सभा छात्र और नौजवानों के बीच, ट्रेड यूनियन ऐक्टू असंगठित मजदूरों के बीच और खेत व ग्रामीण मजदूर सभा खेत मजदूरों और ग्रामीण गरीबों के बीच लगातार बैठक और संपर्क अभियान चला रहे हैं।

इसके अलावा आगामी 23 फरवरी को बुद्धिजीवियों, संस्कृतिकर्मियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की एक बैठक भी आयोजित की जाएगी। भाकपा-माले द्वारा कहा गया है कि इस महाजुटान के माध्यम से बिहार के लोग एक नई दिशा में परिवर्तन की ओर कदम बढ़ाएंगे।