बिहार में पहली बार लगेगा तकनीक और शिक्षा का वैश्विक मंच, 19 नवंबर से पटना में जुटेंगे विशेषज्ञ

  • Post By Admin on Nov 02 2026
बिहार में पहली बार लगेगा तकनीक और शिक्षा का वैश्विक मंच, 19 नवंबर से पटना में जुटेंगे विशेषज्ञ

पटना : बिहार में तकनीक, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में नए अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार ग्लोबल एआई, स्किल्स एंड एजुकेशन एक्सपो 2026 का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय यह आयोजन 19 से 21 नवंबर तक पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में होगा। इसमें देश-विदेश के शिक्षण संस्थानों, कंपनियों और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।

एक्सपो के आयोजन की जानकारी रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई। इस दौरान विप्रो लिमिटेड के एसोसिएट डायरेक्टर ओवैस उर रहमान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एक्सपो के निदेशक सुमन कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवीण कुमार और प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सैयद शमायल अहमद सहित शिक्षा एवं उद्योग जगत से जुड़े कई लोग मौजूद थे।

आयोजकों के अनुसार, इस एक्सपो का उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आधुनिक शिक्षा, शिक्षा प्रौद्योगिकी, उच्च शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े विभिन्न पक्षों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। इसमें विद्यार्थी, शिक्षक, विश्वविद्यालय, शैक्षणिक संस्थान, नव उद्यम और कंपनियां आपसी संवाद और अनुभवों के आदान-प्रदान के माध्यम से नई संभावनाओं को समझ सकेंगे।एक्सपो के दौरान युवाओं को नई तकनीकों की जानकारी देने के साथ प्रशिक्षण, करियर मार्गदर्शन और रोजगार से जुड़े अवसरों से परिचित कराने पर भी जोर रहेगा। आयोजकों का मानना है कि बदलती तकनीकी दुनिया में युवाओं के लिए आधुनिक कौशल हासिल करना जरूरी है। ऐसे आयोजन उन्हें भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में मददगार हो सकते हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजकों ने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने की आवश्यकता है। एक्सपो के माध्यम से कौशल विकास के साथ उद्यमिता को भी प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, विश्वविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, नव उद्यमों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से 19 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस एक्सपो में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।