विकल्प की राज्य कार्यकारिणी बैठक में संगठन मजबूत करने और सांस्कृतिक आंदोलन तेज करने पर जोर

  • Post By Admin on Oct 21 2026
विकल्प की राज्य कार्यकारिणी बैठक में संगठन मजबूत करने और सांस्कृतिक आंदोलन तेज करने पर जोर

मुजफ्फरपुर: बिहार राज्य जनवादी सांस्कृतिक मोर्चा ‘विकल्प’ की राज्य कार्यकारिणी की बैठक बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को शहर के मालीघाट स्थित चुन्नाभट्टी रोड के यादवचन्द्र सांस्कृतिक प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के अध्यक्ष उदयशंकर गुड्डू ने की। इसमें छपरा, सीवान, गया, दरभंगा और मुजफ्फरपुर सहित विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में संगठन की गतिविधियों, राज्य की सामाजिक-सांस्कृतिक स्थिति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मोर्चा के राज्य सचिव बैजू कुमार ने सांगठनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों का निरंतर क्षरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्तावादी संस्कृति के बढ़ते प्रभाव से सामाजिक रिश्ते कमजोर हो रहे हैं। वहीं, संस्कृति के नाम पर पाखंड, अंधविश्वास और अश्लीलता को बढ़ावा दिए जाने पर भी चिंता जताई।

बैठक में देश और बिहार की सामाजिक, सांस्कृतिक तथा शैक्षणिक परिस्थितियों की समीक्षा की गई। प्रतिनिधियों ने इन चुनौतियों के बीच व्यापक और मजबूत जनआंदोलन खड़ा करने पर जोर दिया। विभिन्न जिलों से आए सदस्यों ने संगठन का विस्तार करने, राज्य सम्मेलन जल्द आयोजित करने, मालीघाट स्थित मोर्चा कार्यालय को बचाने और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों में संगठन की भागीदारी बढ़ाने से संबंधित प्रस्ताव रखे। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके तहत बिहार राज्य जनवादी सांस्कृतिक मोर्चा ‘विकल्प’ का राज्य सम्मेलन आगामी 26 और 27 दिसंबर 2026 को आयोजित करने का फैसला लिया गया। इसके अलावा मालीघाट स्थित मोर्चा कार्यालय को बचाने के लिए जरूरी कदम उठाने, संगठन की सदस्य संख्या बढ़ाने और अधिक से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी।

बैठक में देशभर में चल रहे आंदोलनों के संदर्भ में जेन-जी की मांगों का समर्थन करने का भी निर्णय लिया गया। सदस्यों ने संगठन को अधिक सक्रिय बनाने और सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर जनभागीदारी बढ़ाने की जरूरत पर बल दिया। इस अवसर पर अरुण कुमार वर्मा, प्रोफेसर कृष्णनंदन सिंह, विभाकर विमल, धीरेन्द्र धीरू, सुमन गिरि, कृष्णदेव सिंह, मदन गहलोत, नीरज कुमार, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, अली महम्मद, अरुण कुमार कुशवाहा, पूजा कुमारी, नारायण कुमार, पूनम कुमारी, राजू कुमार और अमन कुमार सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन अध्यक्ष उदयशंकर गुड्डू के अध्यक्षीय संबोधन और पूजा कुमारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।