बेंगलुरु : राजधानी बेंगलुरु के प्रतिष्ठित सरकारी विक्टोरिया अस्पताल में मंगलवार तड़के आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। आग अस्पताल के बर्न वार्ड में लगी, जहां उस वक्त 26 मरीज भर्ती थे। गनीमत रही कि समय रहते सभी मरीजों को सुरक्षित निकालकर दूसरे ब्लॉक में शिफ्ट कर दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सूत्रों के अनुसार, यह आग तड़के करीब 3 बजे स्विचबोर्ड में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आग लगने के बाद कुछ ही देर में पूरे वार्ड में धुंआ फैल गया। वार्ड में मौजूद ड्यूटी डॉक्टर डॉ. दिव्या ने सबसे पहले आग और धुंआ देखा और तत्काल अधिकारियों व कर्मचारियों को सूचित किया। अस्पताल प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी मरीजों को पास के एच ब्लॉक में शिफ्ट कर दिया।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार बर्न वार्ड में भर्ती मरीजों में 14 पुरुष, 5 महिलाएं और 7 बच्चे शामिल थे। कुछ मरीज गंभीर अवस्था में थे और आईसीयू में भर्ती थे, जिन्हें भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
इस हादसे में एक बिस्तर, रजिस्टर बुक और कुछ चिकित्सा उपकरण जलकर खाक हो गए, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
लगातार बढ़ रही हैं आग की घटनाएं
गौरतलब है कि बेंगलुरु में हाल के महीनों में आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
-
19 फरवरी, 2024 को शहर के बाहरी इलाके रामसमुद्र में एक परफ्यूम गोदाम में आग लगने से तीन लोगों की मौत हुई थी।
-
20 मार्च को जे.पी. नगर में आग की एक अन्य घटना में एक महिला और उसके दो बेटों की जान चली गई थी।
-
वहीं 1 मई को एक गैस सिलेंडर लीक की वजह से लगी आग में एक व्यक्ति और उसके पड़ोसी की मौत हो गई थी।
इन घटनाओं ने शहर की अग्निसुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच जारी, सुधार की दरकार
फिलहाल मदनायकनहल्ली पुलिस ने विक्टोरिया अस्पताल अग्निकांड की जांच शुरू कर दी है। हादसे के पीछे प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन पुलिस तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
अस्पतालों जैसे संवेदनशील स्थानों पर अग्निसुरक्षा उपायों की स्थिति को लेकर विशेषज्ञ भी चिंता जता चुके हैं। यह घटना एक बार फिर इस बात की याद दिलाती है कि इमरजेंसी प्रबंधन की तैयारियों को लगातार अद्यतन और मजबूत बनाए रखने की आवश्यकता है।























