भूमि सर्वेक्षण के संदर्भ में नुक्कड़ नाटक के जरिए जागरूकता
- Post By Admin on Feb 17 2025
-min.jpg)
मुजफ्फरपुर : जिले के कुढ़नी प्रखंड स्थित बलिया चौक, रामचंद्रा चौक और महंत मनियारी में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार द्वारा बिहार विशेष भूमि सर्वेक्षण के संदर्भ में रैयतों और आमजन को दी जा रही सुविधाओं के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत अंत्यज सेवा समिति, सारण द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। जिसमें रैयतों को भूमि सर्वेक्षण के महत्व और इसके लाभ के बारे में बताया गया।
इस नुक्कड़ नाटक में दस सदस्यीय कलाकारों की टीम ने भाग लिया। जिनमें प्रमुख रूप से लोक कलाकार सुनील कुमार के नेतृत्व में अनीता कुमारी, शिव कुमार, चंदन कुमार, जयचंद्र कुमार, सुमन कुमारी, गणेश कुमार, महेश्वर पासवान, अमित कुमार, संजोग कुमार महतो ने गीत, संगीत और अभिनय के माध्यम से बिहार विशेष भूमि सर्वेक्षण के महत्व को समझाया।
कलाकारों ने इस नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को बताया कि कैसे बिहार विशेष भूमि सर्वेक्षण से भूमि के मालिकाना हक को सुनिश्चित किया जा सकेगा और किसानों और रैयतों के अधिकारों की रक्षा होगी। साथ ही, इस कार्यक्रम के दौरान रैयतों को यह भी बताया गया कि उन्हें किस प्रकार से इस सर्वेक्षण प्रक्रिया में शामिल होना है और इसे पूरा करने से उन्हें क्या फायदे मिल सकते हैं।
यह कार्यक्रम सामुदायिक जागरूकता के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण था, क्योंकि इससे लोगों को अपनी भूमि के संबंध में सही जानकारी प्राप्त हुई और वे सर्वेक्षण की प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित हुए।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान राज्यभर में चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना से लाभान्वित हो सकें और भूमि विवादों की स्थिति से बचा जा सके।