विश्व स्तनपान सप्ताह पर जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक से दिया गया स्वास्थ्य का संदेश
- Post By Admin on Aug 05 2026
लखीसराय: विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर बुधवार को सदर अस्पताल, लखीसराय में सिविल सर्जन-सह-सचिव, जिला स्वास्थ्य समिति की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती एवं प्रसूता महिलाओं को स्तनपान के महत्व से अवगत कराना तथा नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रूपा ने उपस्थित महिलाओं को जन्म के पहले घंटे के भीतर नवजात को स्तनपान शुरू कराने, जन्म के बाद पहले छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने तथा इसके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माँ का दूध शिशु के लिए सबसे सुरक्षित, पौष्टिक और संपूर्ण आहार है, जो उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने यह भी बताया कि नियमित स्तनपान से माताओं के स्वास्थ्य को भी अनेक लाभ मिलते हैं। कार्यक्रम को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशिक्षु नर्सों ने "माँ का दूध सर्वोत्तम" विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक एवं अन्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं और उनके परिजनों को नवजात शिशु के जीवन में स्तनपान की अनिवार्यता तथा उसके दीर्घकालिक लाभों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला योजना समन्वयक, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, अस्पताल प्रबंधक, आरएमएनसीएच+ए काउंसलर, प्रशिक्षु नर्सें तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से स्तनपान को बढ़ावा देने और समाज में इसके प्रति अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।