सावन की पहली सोमवारी पर अशोक धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, महाआरती में शामिल हुए डीएम
- Post By Admin on Aug 04 2026
लखीसराय: जिले के प्रसिद्ध श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर, अशोक धाम में सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। रविवार की मध्य रात्रि से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया और सुबह होते-होते हजारों शिवभक्त बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के लिए कतारों में खड़े नजर आए। पूरे दिन मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से गूंजता रहा।
दूर-दराज के जिलों और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की। मंदिर परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए थे। पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन की सतर्कता और बेहतर प्रबंधन के कारण पूरे दिन श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन-पूजन का अवसर मिला और कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
शाम 7:15 बजे आयोजित भव्य महाआरती में जिला पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी शामिल हुए। महाआरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर दीपों की रोशनी, घंटों की ध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय हो उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ महाआरती में भाग लेकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने भी विधिवत पूजा-अर्चना कर जिले के सर्वांगीण विकास, जनकल्याण और प्रदेश में सुख-शांति की कामना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सावन माह की आगामी सोमवारी पर भी इसी प्रकार की सुदृढ़, व्यवस्थित और प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुरक्षित एवं सुगमता के साथ बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर सकें।