मइँया सम्मान योजना के फॉर्म जमा करने के लिए महिलाओं की उमड़ी भारी भीड़
- Post By Admin on Dec 04 2024
रांची : जिले के प्रखंड परिसर में मुख्यमंत्री मइँया सम्मान योजना के तहत महिलाओं द्वारा फॉर्म जमा करने और जांच करने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। इस योजना का लाभ लेने के लिए महिलाएं लंबी कतारों में खड़ी होकर अपने-अपने आवेदन फॉर्म जमा कर रही हैं।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी (बी.डी.ओ) के निर्देश पर तीन अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए हैं। इन काउंटरों पर लगातार महिलाएं आकर फॉर्म जमा कर रही हैं और उनका विवरण भी जांचा जा रहा है। काउंटरों पर महिला कर्मचारियों की टीम द्वारा प्रत्येक फॉर्म की सावधानीपूर्वक जांच की जा रही है, ताकि कोई भी आवेदन प्रक्रिया में त्रुटि न हो।
इस बीच महिलाओं की बढ़ती संख्या को देखकर प्रशासन ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं ताकि व्यवस्था बनाए रखा जा सके। काउंटरों पर लंबी लाइनें लगने के बावजूद महिलाएं संयम से अपनी बारी का इंतजार कर रही हैं। जिससे यह दिखाता है कि इस योजना का लाभ महिलाओं के बीच कितनी तत्परता से लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री मइँया सम्मान योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। जिससे उन्हें समाज में अपनी स्थिति और जीवन स्तर सुधारने का मौका मिले। इस योजना को लेकर ग्रामीण महिलाओं में उत्साह देखा जा रहा है और वे इसे लेकर सकारात्मक उम्मीदें रख रही हैं।
प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि सभी आवेदन समय पर और सही तरीके से जांचे जाएंगे, ताकि इस महत्वपूर्ण योजना का फायदा अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंच सके।