रफ्तार के कहर से 24 घंटे के अंदर 4 सड़क हादसे, एक की मौत, 6 घायल
- Post By Admin on Dec 02 2024

लातेहार : जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने रफ्तार के कहर को उजागर किया है। पिछले 24 घंटे में यहां चार अलग-अलग सड़क हादसे हुए। जिनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
शनिवार सुबह बालूमाथ-पांकी मार्ग पर इचाक गांव के पास एक हाईवा वाहन की चपेट में आने से दो होमगार्ड जवान घायल हो गए। दोनों घायल जवानों की पहचान हेरहंज थाना क्षेत्र के ढोठी गांव निवासी विष्णु उरांव के पुत्र सत्यदेव उरांव और करनदाग गांव निवासी मनराज यादव के पुत्र अमरेश यादव के रूप में की गई है।
ये दोनों जवान बालूमाथ स्थित सीसीएल द्वारा संचालित तेतरियाखाड़ कोलियरी में ड्यूटी करने जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे भारी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घायल जवानों को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची रिम्स रेफर कर दिया। घायल सत्यदेव उरांव की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।
इसी मार्ग पर शुक्रवार को भी एक हादसा हुआ था। जब हुंबू गांव के पास एक भारी वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दिन में बालूमाथ थाना क्षेत्र स्थित सीसीएल की मगध कोलियरी में दो भारी वाहनों की टक्कर में एक चालक की मौत हो गई। इसके अलावा बीते शुक्रवार को ही शाम को चंदवा रोड पर डीएवी मोड़ के पास भी एक सड़क हादसा हुआ। जिसमें बाइक सवार दो युवक एक भारी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इन घटनाओं से यह साफ हो जाता है कि बालूमाथ क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और रफ्तार के कारण हादसों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने चेतावनी जारी करते हुए वाहन चालकों से सतर्क रहने की अपील की है ताकि इन सड़क हादसों को रोका जा सके।