300 करोड़ रुपये से बनेगा 3.5 किलोमीटर लंबा हरमू फ्लाईओवर
- Post By Admin on Dec 05 2024

रांची : झारखंड सरकार ने रांची शहर में यातायात की समस्या को हल करने के लिए हरमू फ्लाइओवर के निर्माण की कवायद शुरू कर दी है। सरकार द्वारा निर्धारित योजना के अनुसार फ्लाईओवर कांके रोड स्थित जज कॉलोनी से हरमू सहजानंद चौक तक बनेगा। इस फ्लाईओवर का कुल लंबाई 3.5 किलोमीटर होगी और इसे बनाने में लगभग 300 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की टेंडर प्रक्रिया अगले दो से तीन महीने में पूरी कर ली जाएगी। फिलहाल हरमू से कडरू रेडिशन ब्लू तक फ्लाईओवर के निर्माण के लिए परामर्शी की तलाश की जा रही है और इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है। एक कंपनी ने 34% कम रेट पर टेंडर प्रस्तुत किया है। जिसे पथ विभाग द्वारा समीक्षा किया जा रहा है।
फ्लाईओवर का रास्ता जज कॉलोनी से शुरू होकर रातू रोड चौक, शनि मंदिर, गाड़ीखाना चौक, किशोरगंज चौक और भारत माता चौक होते हुए सहजानंद चौक तक जाएगा। इस फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान ट्रैफिक की दिक्कतों को कम करने के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाएगा क्योंकि इस मार्ग से वीवीआईपी मूवमेंट अधिक होता है।
फ्लाईओवर के लिए सहजानंद चौक के पास एक रैंप और गौशाला चौक के पास दूसरा रैंप भी बनाया जाएगा, ताकि कडरू मार्ग और रातू रोड से आने वाले वाहन सीधे फ्लाईओवर पर चढ़ सकें। इस परियोजना से रांची शहर में यातायात की समस्या में सुधार होने की संभावना है और यात्री सुविधाओं में भी बढ़ोतरी होगी।