अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत 150 दुकानों को किया ध्वस्त

  • Post By Admin on Dec 07 2024
अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत 150 दुकानों को किया ध्वस्त

रांची : झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे बड़े अभियान के तहत आदित्यपुर में गुरुवार को 150 अस्थायी दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। नगर निगम प्रशासन के इस अभियान का उद्देश्य मुख्य सड़कों और सर्विस लेन पर किए गए अतिक्रमण को हटाना था।

सुबह 11 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक चले इस अभियान में थाना रोड से शुरुआत की गई। जहां करीब 100 दुकानों को हटाया गया। इसके बाद मुख्य मार्ग और सर्विस लेन पर भी बुलडोजर चलाए गए। जिससे करीब 50 दुकानों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान कुछ दुकानदारों को मोहलत भी दी गई। जबकि कुछ को तत्काल हटाने का आदेश दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग पर आकाशवाणी चौक से लेकर शेरे पंजाब तक दुकानों को हटाया गया। निगम प्रशासन ने पहले ही चेतावनी दी थी कि मुख्य सड़क और सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाने के लिए यह अभियान चलाया जाएगा।

इस अभियान में अपर नगर आयुक्त पारुल सिंह, सहाय प्रशासक विपुल सन्नी, आदित्यपुर थाना प्रभारी राजीव सिंह, यातायात थाना प्रभारी राजेश सिंह और नगर प्रबंधक रवि भारती समेत अन्य अधिकारी शामिल थे। अभियान के दौरान 150 सफाईकर्मियों की मदद से क्षेत्र की सफाई की गई और फॉगिंग भी कराई गई।

अतिक्रमण हटाने के बाद आदित्यपुर थाना रोड में सब्जी विक्रेताओं को दिंदली बाजार के पीछे एक स्थान उपलब्ध कराया गया है। निगम ने इस स्थान को साफ किया और यहां दुकानदारों के लिए एक व्यवस्था बनाई। अब निगम के दो प्रतिनिधि शुक्रवार से सब्जी विक्रेताओं को चिह्नित स्थान पर दुकान लगाने के लिए प्रेरित करेंगे।

आदित्यपुर में सफलतापूर्वक अभियान के बाद अब निगम प्रशासन गम्हरिया बाजार में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने की योजना बना रहा है। हालांकि इसकी तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जो दुकानदार अभी भी अतिक्रमण के रूप में अस्थायी संरचनाएं बनाए हुए हैं। उन्हें दो दिनों के भीतर उन्हें हटा लेना होगा। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि शहर की व्यवस्था और सार्वजनिक मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।