भागलपुर में दिखेगा लखीसराय के खिलाड़ियों का दम, वुशु टीम रवाना

  • Post By Admin on Jun 05 2026
भागलपुर में दिखेगा लखीसराय के खिलाड़ियों का दम, वुशु टीम रवाना

लखीसराय : भागलपुर में 5 से 7 जून तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय वुशु (मार्शल आर्ट) प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए लखीसराय जिला टीम को +2 पब्लिक हाई स्कूल मैदान से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम में अधिवक्ता सह वार्ड पार्षद अमित भाई पटेल एवं जिला वुशु सचिव धीरज कुमार ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर सफलता हासिल करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा, जिससे जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन होगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए रवाना हुई टीम में शबनम कुमारी, याशिता कुमारी, सुहानी कुमारी, सुरुचि कुमारी, रागिनी कुमारी, शिवानी कुमारी, स्वीकृति कुमारी, विद्या कुमारी, अदिति कुमारी, सोनी कुमारी सहित कई महिला खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं आलोक पांडे, सनी कुमार, रोशन कुमार, कृष राज समेत अन्य पुरुष खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं।

इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप, एनडीपी स्कूल के निदेशक एवं गतका एसोसिएशन ऑफ लखीसराय के अध्यक्ष अभिषेक आनंद, शिक्षक सुशील कुमार, जिला फुटबॉल कोच नीरज सिंह क्षत्रिय, जिला गतका सचिव अमित सिंह राजपूत, जिला कराटे सचिव गुंजन कुमार, जिला खो-खो कोच अंकित कुमार, गुरिया कुमारी, तन्नु कुमारी सहित खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए उनसे राज्य प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाने की अपील की तथा उनके सफल भविष्य की कामना की।