ताइक्वांडो में लखीसराय का जलवा बरकरार, 14 स्वर्ण के साथ राज्य में तीसरा स्थान

  • Post By Admin on Jun 03 2026
ताइक्वांडो में लखीसराय का जलवा बरकरार, 14 स्वर्ण के साथ राज्य में तीसरा स्थान

लखीसराय : बिहार के ताइक्वांडो मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना चुके लखीसराय जिले ने एक बार फिर राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर अपनी खेल विरासत को कायम रखा है। चकिया (मोतिहारी) में आयोजित 6वीं राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने 14 स्वर्ण, 12 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर कुल 31 पदक अपने नाम किए। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर लखीसराय ने पूरे बिहार में तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में जिले के 35 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न आयु वर्गों में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी अब आगामी राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। सब जूनियर बालक वर्ग में कुंज बिहारी, कार्तिक, अंश राज, अमन कुमार, अंकित कुमार और दियांशु ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। वहीं सब जूनियर बालिका वर्ग में आराध्या कुमारी, अनामिका कुमारी और तुलसी कुमारी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए।कैडेट वर्ग में सौरव और अमीषा पटेल ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पूमसे प्रतियोगिता में अचल कुमारी ने व्यक्तिगत वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि अथर्व सिंह और अन्वी सिंह की जोड़ी ने पेयर वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया।

जिले के मुख्य प्रशिक्षक बादल गुप्ता ने बताया कि लखीसराय पिछले आठ वर्षों से लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने जिले को बिहार के सबसे सफल ताइक्वांडो केंद्रों में शामिल कर दिया है। उन्होंने बताया कि अब तक लखीसराय के आठ खिलाड़ियों को बिहार खेल सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। पिछले वर्ष जिले के खिलाड़ियों को बिहार खेल सम्मान के तहत कुल 5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि भी प्राप्त हुई थी, जो जिले की खेल उपलब्धियों का प्रमाण है। लखीसराय की इस सफलता पर खेल प्रेमियों, अभिभावकों और खेल अधिकारियों ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। खिलाड़ियों का लक्ष्य अब राष्ट्रीय स्तर पर बिहार के लिए पदक जीतकर जिले और राज्य का नाम रोशन करना है।