वुशु जिला चयन ट्रायल में खिलाड़ियों ने दिखाया दम, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का रास्ता हुआ तय
- Post By Admin on May 31 2026
लखीसराय : पब्लिक हाई स्कूल के मैदान में वुशु खेल के जिला चयन ट्रायल का भव्य आगाज हुआ। ट्रायल में सूर्यगढ़ा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन ट्रायल का आयोजन प्रशिक्षक अमित कुमार राजपूत एवं गुंजन कुमार की देखरेख में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन अधिवक्ता सह वार्ड पार्षद अमित भाई पटेल एवं वुशु संघ के जिला सचिव धीरज कुमार ने पूजा-अर्चना कर किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक विकास पर बल दिया गया। ट्रायल में बालिका वर्ग से शबनम कुमारी, याशिता कुमारी, सुहानी कुमारी, सुरुचि कुमारी, रागिनी कुमारी, शिवानी कुमारी, कीर्ति कुमारी, खुशी कुमारी, विद्या कुमारी, अदिति कुमारी एवं सोनी कुमारी सहित कई खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। वहीं बालक वर्ग में नीरज कुमार, प्रिंस राज, सुमित कुमार, सनी कुमार, रोशन कुमार, रवीश कुमार, बादल कुमार, संदीप कुमार और कृष राज समेत अन्य प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
आयोजकों ने बताया कि चयनित खिलाड़ी 5 से 7 जून तक भागलपुर के खेल भवन में आयोजित राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। ट्रायल में सफल प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके लिए खिलाड़ियों ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। खेल प्रेमियों और अभिभावकों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।