कानून-व्यवस्था पर सवाल, नालंदा पहुंचे जन सुराज नेताओं ने सरकार को घेरा

  • Post By Admin on Apr 02 2026
कानून-व्यवस्था पर सवाल, नालंदा पहुंचे जन सुराज नेताओं ने सरकार को घेरा

पटना: में हाल ही में हुई महिला उत्पीड़न की घटना को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। जन सुराज पार्टी के वरिष्ठ नेता गुरुवार को पटना से नालंदा पहुंचे और पीड़िता के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की तथा घटना की विस्तृत जानकारी ली।

नूरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता के साथ सार्वजनिक रूप से दुष्कर्म के प्रयास की घटना को लेकर जन सुराज के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने इस घटना को “दरिंदगी और शर्मसार करने वाली” बताते हुए कहा कि इससे भी ज्यादा गंभीर बात यह है कि आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर हैं और प्रशासन केवल औपचारिकता निभा रहा है। किशोर कुमार मुन्ना ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री का गृह जिला है, इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं होना प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।

उन्होंने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे गंभीर मामलों में उनकी चुप्पी समझ से परे है। उन्होंने कहा कि प्रतिपक्ष को पीड़ितों की आवाज बनकर सामने आना चाहिए और घटनास्थल पर जाकर विरोध दर्ज कराना चाहिए। डिप्टी सीएम और गृहमंत्री सम्राट चौधरी को घेरते हुए उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में राज्य में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं और महिलाओं की सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी गठबंधन मुख्यमंत्री के मुद्दे में उलझा हुआ है और कानून-व्यवस्था पर ध्यान नहीं दे पा रहा है।

इस दौरान जन सुराज के नेताओं ने मां शीतला मंदिर में हाल ही में हुई भगदड़ की घटना को भी प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि भीड़ को देखते हुए पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ, जिसके कारण जानमाल की क्षति हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।