पटना छात्रा कांड पर PK का हमला, बोले- बिहार में फिर जंगलराज की आहट सुनाई देने लगी है

  • Post By Admin on May 27 2026
पटना छात्रा कांड पर PK का हमला, बोले- बिहार में फिर जंगलराज की आहट सुनाई देने लगी है

सीतामढ़ी: जिले में आयोजित मीडिया ब्रीफिंग के दौरान जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने केंद्र और राज्य सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। NEET पेपर लीक मामले पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को घेरते हुए उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठे हैं। पीके ने कहा कि दो साल पहले भी NEET पेपर लीक हुआ था और उस समय भी धर्मेंद्र प्रधान ही शिक्षा मंत्री थे। तब उन्होंने भरोसा दिलाया था कि आगे ऐसी घटनाएं नहीं होंगी, लेकिन अब सरकार जवाब देने से बच रही है।

प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान धर्मेंद्र प्रधान जन सुराज के प्रत्याशियों को डराने, धमकाने और खरीदने में लगे हुए थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रत्याशियों की खरीद-फरोख्त करते-करते अब शायद पेपर का भी खरीद-फरोख्त शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और सरकार इस पर गंभीर नहीं दिख रही। पटना में छात्रा के साथ हुई अभद्रता की घटना पर भी प्रशांत किशोर ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जंगलराज के नाम पर वर्षों तक वोट मांगने वालों के मुंह पर यह घटना करारा तमाचा है। पीके ने कहा कि बिहार में एक बार फिर उसी जंगलराज की आहट सुनाई देने लगी है, जहां दिनदहाड़े खुलेआम ऐसी घटनाएं होती थीं। उन्होंने कहा कि पटना जैसे शहर के बीचों-बीच किसी लड़की को उसके पिता के सामने खींचकर ले जाने की घटना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है।

वहीं पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी प्रशांत किशोर ने केंद्र सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि तेल की कीमतें इसलिए बढ़ रही हैं क्योंकि अगले छह महीनों तक कोई चुनाव नहीं है। जैसे ही चुनाव नजदीक आएगा, पेट्रोल-डीजल के दाम फिर कम कर दिए जाएंगे। पीके ने आरोप लगाया कि सरकार जनता की जरूरतों के अनुसार नहीं, बल्कि चुनावी गणित के हिसाब से फैसले लेती है।