सीडब्ल्यूसी बैठक पर पप्पू यादव का बड़ा दावा, बोले- बिहार से कांग्रेस को मिलेगी नई पहचान

  • Post By Admin on Sep 24 2025
सीडब्ल्यूसी बैठक पर पप्पू यादव का बड़ा दावा, बोले- बिहार से कांग्रेस को मिलेगी नई पहचान

पटना : बिहार की राजधानी पटना बुधवार को कांग्रेस की राजनीति का केंद्र बनने जा रही है। यहां होने वाली कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक को लेकर पार्टी नेताओं का पटना पहुंचना शुरू हो गया है। इस बीच, पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने बैठक को ऐतिहासिक बताते हुए दावा किया कि कांग्रेस बिहार और यूपी में अपनी खोई हुई पहचान वापस पाएगी।

मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा, “यह एक ऐतिहासिक दिन है। इससे बड़ी खुशी की बात और क्या हो सकती है कि भारत के पुनर्गठन और नई आजादी की शुरुआत 'गणतंत्र की धरती' से हो रही है। कांग्रेस को लेकर बिहार के करोड़ों लोगों के भीतर उत्साह है और मुझे उम्मीद है कि कांग्रेस की खोई हुई पहचान लौटेगी।”

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी बैठक को अहम बताते हुए कहा कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है और गठबंधन की जीत तय है। वहीं, सांसद गौरव गोगोई ने इसे “बहुत महत्वपूर्ण और अहम बैठक” करार दिया।

कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान ने कहा कि राज्य की मौजूदा सरकार ने हजारों युवाओं को पलायन के लिए मजबूर कर दिया है और अपराध चरम पर है। ऐसे में कांग्रेस की यह बैठक बिहार के भविष्य के लिए निर्णायक साबित होगी।

सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी समेत पार्टी के 170 से अधिक नेता मौजूद रहेंगे। इसमें कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, अशोक गहलोत, सचिन पायलट और शशि थरूर जैसे वरिष्ठ नेता भी शिरकत करेंगे।

राजनीतिक जानकार मानते हैं कि यह बैठक बिहार ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर भारत की राजनीति में कांग्रेस की रणनीति को नया आयाम दे सकती है।