नई जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ेंगे नितिन नवीन, विधायक पद से दिया इस्तीफा
- Post By Admin on Mar 30 2026
पटना : भारतीय जनता पार्टी के नेता नितिन नवीन ने राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद बिहार विधानसभा के बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र से अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने अपने क्षेत्र की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम एक भावुक संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं के साथ उनका रिश्ता हमेशा अटूट बना रहेगा।
सोमवार को सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर किए गए अपने संदेश में नितिन नवीन ने लिखा कि कार्यकर्ताओं और जनता के स्नेह, विश्वास और मार्गदर्शन की बदौलत ही वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि बांकीपुर और बिहार की जनता ने उन्हें हमेशा परिवार का सदस्य मानकर सहयोग और समर्थन दिया है, जिसके लिए वे जीवनभर आभारी रहेंगे।
उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 2006 में उनके पिता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी ने उन्हें पटना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया था। 27 अप्रैल 2006 को वे पहली बार इस क्षेत्र से निर्वाचित हुए और यहीं से उनके सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई। पिछले दो दशकों में उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किया।
नितिन नवीन ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन पर भरोसा जताते हुए लगातार पांच बार उन्हें विधानसभा में अपना प्रतिनिधि चुना। सदन के अंदर और बाहर दोनों ही जगह उन्होंने अपने क्षेत्र और बिहार के लोगों की आवाज उठाने का प्रयास किया तथा समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाई।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में उन्हें बिहार सरकार में मंत्री के रूप में काम करने का अवसर मिला, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण नीतियों और योजनाओं के क्रियान्वयन में भूमिका निभाई। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
अपने संदेश में उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन नई जिम्मेदारी के माध्यम से भी वे अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं का स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी प्रेरणा के साथ वे विकसित भारत और विकसित बिहार के निर्माण के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में काम करते रहेंगे।