चिराग पासवान ने घोषित की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी, सुरेंद्र विवेक को बिहार की कमान

  • Post By Admin on Aug 26 2026
चिराग पासवान ने घोषित की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी, सुरेंद्र विवेक को बिहार की कमान

पटना : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों, युवाओं और महिलाओं को भी जिम्मेदारियां दी गई हैं।

पार्टी ने संगठन को चुनावी चुनौतियों के लिए नए सिरे से तैयार करने की रणनीति बनाई है। आने वाले समय में देश के आठ राज्यों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इसे देखते हुए एलजेपी (रामविलास) का जोर विभिन्न राज्यों में संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर है। नई कार्यकारिणी में लंबे समय से संगठन के लिए काम करने वाले कई कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी का कहना है कि संगठन में सक्रियता और मेहनत के आधार पर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा। नई टीम में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया है।

पार्टी ने कहा कि दिवंगत पद्म भूषण रामविलास पासवान संगठन को समाज का आईना मानते थे। नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में इसी सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है, ताकि संगठन में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए चिराग पासवान ने कहा कि संगठन में मिला पद केवल पद नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत करने और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने का निर्देश दिया।

नई टीम में चिराग पासवान राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। सुरेंद्र विवेक को बिहार प्रदेश अध्यक्ष, जनार्दन पासवान को झारखंड प्रदेश अध्यक्ष, राजू तिवारी और धीरेन्द्र कुमार मुन्ना को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। वहीं, अब्दुल खालिक को एक बार फिर पार्टी का प्रधान महासचिव बनाया गया है। नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के गठन के साथ एलजेपी (रामविलास) ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को तेज करने का संकेत दिया है। पार्टी का फोकस अब राज्य स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान के लिए सक्रिय करने पर रहेगा।