इम्पा अध्यक्ष अभय सिन्हा ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात, फिल्म उद्योग के अहम मुद्दों पर चर्चा

  • Post By Admin on Oct 17 2026
इम्पा अध्यक्ष अभय सिन्हा ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात, फिल्म उद्योग के अहम मुद्दों पर चर्चा

पटना: भारतीय फिल्म उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर IMPPA के अध्यक्ष, FFI के अध्यक्ष एवं FIAPF के उपाध्यक्ष अभय सिन्हा और IMPPA की कार्यकारिणी के सदस्य, FFI के उपाध्यक्ष तथा फिल्ममेकर कंबाइन के महासचिव निशांत उज्ज्वल ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान फिल्म उद्योग की चुनौतियों और उनके संभावित समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में फिल्म पाइरेसी पर प्रभावी रोक लगाने, कॉपीराइट सुरक्षा को मजबूत करने, जीएसटी से जुड़े मुद्दों, सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों की स्थिति और सेंसर प्रमाणन जैसे विषय प्रमुखता से उठाए गए। इसके अलावा BARC रेटिंग की पुनः शुरुआत और भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) 2026 से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। फिल्म पाइरेसी और कॉपीराइट उल्लंघन फिल्म निर्माताओं सहित उद्योग से जुड़े अन्य हितधारकों के लिए महत्वपूर्ण चिंता के विषय हैं। ऐसे में इन पर प्रभावी नियंत्रण और बौद्धिक संपदा अधिकारों की सुरक्षा को लेकर चर्चा को अहम माना जा रहा है। वहीं, सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों की स्थिति और सेंसर प्रमाणन से जुड़े विषयों पर संवाद भी फिल्म उद्योग के व्यापक हितों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।

इस अवसर पर IMPPA की ओर से केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। इसके अतिरिक्त, अभय सिन्हा और निशांत उज्ज्वल ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार से भी मुलाकात की। इन मुलाकातों के माध्यम से भारतीय फिल्म उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को केंद्र सरकार के संबंधित विभागों के समक्ष रखा गया। उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों और मंत्रालय के अधिकारियों के बीच हुआ यह संवाद इन विषयों पर आगे की चर्चा तथा समाधान की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।