हेमंत मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, 11 मंत्रियों ने ली शपथ, छह नए चेहरे शामिल

  • Post By Admin on Dec 05 2024
हेमंत मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, 11 मंत्रियों ने ली शपथ, छह नए चेहरे शामिल

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल का गुरुवार को विस्तार हुआ जिसमें 11 मंत्रियों ने शपथ ली। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राजभवन के अशोक उद्यान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सभी मंत्रियों को पद एवं गोपनियता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत प्रोफेसर स्टीफन मरांडी को प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ दिलाकर की गई। उसके बाद राधाकृष्ण किशोर ने पहले मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद दीपक बिरूआ, चमरा सिंडा, संजय प्रसाद यादव, रामदास सोरेन, इरफान अंसारी, हफीजुल हसन, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार और शिल्पी नेहा तिर्की ने मंत्री पद की शपथ ली।

इस मंत्रिमंडल में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से छह नए चेहरों को जगह दी गई है। नए चेहरों में झामुमो के चमरा लिंडा, सुदिव्य सोनू और योगेंद्र प्रताप, कांग्रेस के शिल्पी नेहा तिर्की और राधाकृष्ण किशोर तथा राजद के गोड्डा विधायक संजय प्रसाद यादव शामिल हैं।

हेमंत कैबिनेट में राज्य के सभी पांच प्रमंडल को संतुलित रूप से प्रतिनिधित्व दिया गया है। संथाल परगना से चार विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह मिली है। इनमें मधुपुर से हफीजुल अंसारी, जामताड़ा से डॉ. इरफान अंसारी, महगामा से दीपिका पांडेय सिंह और गोड्डा से संजय प्रसाद यादव शामिल हैं। इसके अलावा पलामू प्रमंडल से कांग्रेस विधायक राधाकृष्ण किशोर, कोल्हान से रामदास सोरेन और दीपक बिरूआ, दक्षिणी छोटानागपुर से दो और कोयलांचल से दो विधायकों को मंत्रिमंडल में स्थान मिला है।

झामुमो कोटे से रामदास सोरेन (घाटशिला), दीपक बिरूआ (चाईबासा), हफीजुल हसन अंसारी (मधुपुर), चमरा लिंडा (विशुनपुर), सुदिव्य सोनू (गिरिडीह), योगेंद्र प्रताप (गोमिया) को हेमंत मंत्रिमंडल में मंत्री बनाया गया है। कांग्रेस कोटे से डॉ. इरफान अंसारी (जामताड़ा), दीपिका पांडेय सिंह (महगामा), शिल्पी नेहा तिर्की (मांडर), राधाकृष्ण किशोर (छतरपुर) को हेमंत मंत्रिमंडल में मंत्री बनाया गया है। वही, राजद कोटे से संजय प्रसाद यादव (गोड्डा) को हेमंत मंत्रिमंडल में मंत्री बनाया गया हैं।