आधी रात को कांग्रेस विधायक का टिकट कटा, तड़के चार बजे समाजवादी पार्टी में शामिल हुए
- Post By Admin on Oct 25 2024

रांची : झारखंड में विधानसभा चुनावों के दौरान राजनीतिक उठा-पटक का एक अनोखा मामला सामने आया है। गुरुवार-शुक्रवार की रात कांग्रेस पार्टी ने अचानक अपने सीटिंग विधायक उमाशंकर यादव अकेला का टिकट काट दिया। इसके चार घंटे बाद, तड़के चार बजे, उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल होकर बरही विधानसभा सीट से उम्मीदवार के रूप में टिकट भी हासिल कर लिया।
कांग्रेस ने झारखंड में अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची गुरुवार रात करीब 11:30 बजे जारी की। इस सूची में हजारीबाग जिले की बरही सीट से उमाशंकर यादव अकेला का नाम काटकर अरुण साहू को प्रत्याशी घोषित किया गया। दो दिन पहले ही, यादव ने टिकट मिलने के आश्वासन पर शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने की तैयारी कर ली थी। स्थानीय कांग्रेस इकाई ने उनके नामांकन के लिए रैली और जुलूस का भी आयोजन किया था।
जब यादव को देर रात टिकट कटने की सूचना मिली, तो उन्होंने बिना देर किए पार्टी बदलने का निर्णय लिया। उन्होंने अपने घर से 170 किलोमीटर की यात्रा कर डाल्टनगंज पहुंचे, जहां सपा के प्रदेश अध्यक्ष केश्वर यादव से मुलाकात की और सुबह चार बजे पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
समाजवादी पार्टी ने उन्हें तुरंत बरही से उम्मीदवार के रूप में टिकट भी दे दिया। इसके बाद, यादव ने तुरंत बरही लौटकर अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस घटनाक्रम ने झारखंड के राजनीतिक माहौल में हलचल पैदा कर दी है और टिकट बंटवारे को लेकर पार्टी के भीतर उठापटक को उजागर किया है।