मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज देंगे इस्तीफा, नए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पर भी बातें आई सामने
- Post By Admin on Apr 14 2026
पटना : बिहार से एक बड़ी राजनीतिक हलचल की खबर सामने आ रही है, जिसने बिहार की सियासत को एक बार फिर उबाल पर ला दिया है। लंबे समय से सत्ता के केंद्र में रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन काल पर अब विराम लगने की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि आज नीतीश कुमार अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं, जिससे राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में चल रही अंदरूनी चर्चाओं के मुताबिक, बिहार की सत्ता अब नए चेहरे के हाथों में सौंपी जा सकती है। खबर यह भी है कि सम्राट चौधरी को नए मुख्यमंत्री के तौर पर आगे किया गया है और वह कल शपथ ग्रहण कर सकते हैं। इसके साथ ही निशांत कुमार और विजय चौधरी को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा ने सियासी तापमान को और बढ़ा दिया है। इस संभावित फेरबदल को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों में हलचल मची हुई है। एक ओर जहां समर्थक इसे “नई ऊर्जा और नई दिशा” देने वाला कदम बता रहे हैं, वहीं विपक्ष इसे सत्ता की कुर्सी बचाने का एक और राजनीतिक दांव करार दे रहा है। बिहार की जनता भी इस घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए हुए है, क्योंकि इसका सीधा असर राज्य की विकास गति और प्रशासनिक व्यवस्था पर पड़ने वाला है। जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी निशाना साधते हुए दावा किया है कि बिहार की जनता अब यहां की बदहाली पर रोएगी। बिहार को मजदूरों की फैक्ट्री बनाया जाएगा ताकि गुजरात का विकास हो सके।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनते हैं, तो उनका कार्यशैली कैसी होगी। क्या वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरह सख्त और आक्रामक प्रशासनिक मॉडल अपनाएंगे, जिसमें बुलडोजर राजनीति की झलक मिलती है, या फिर नीतीश कुमार की तरह संतुलित और शांतिपूर्ण शासन की राह पर चलेंगे। बिहार की राजनीति में यह बदलाव सिर्फ चेहरों का नहीं, बल्कि नीतियों और प्राथमिकताओं का भी संकेत माना जा रहा है। आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि यह सत्ता परिवर्तन राज्य के विकास को नई रफ्तार देगा या फिर राजनीतिक अस्थिरता का नया अध्याय लिखेगा। फिलहाल पूरे प्रदेश की नजरें पटना की सत्ता के इस बड़े उलटफेर पर टिकी हुई हैं, जहां हर पल सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।