एमएलसी चुनाव के बाद आरजेडी में बड़ा बदलाव तय, नए तेवर में दिखेगी पार्टी

  • Post By Admin on May 30 2026
एमएलसी चुनाव के बाद आरजेडी में बड़ा बदलाव तय, नए तेवर में दिखेगी पार्टी

पटना : बिहार की सियासत में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) जल्द ही बड़े संगठनात्मक बदलाव की तैयारी में है। विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव समाप्त होते ही पार्टी की नई प्रदेश कमेटी की घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की लगातार खराब सेहत को देखते हुए पार्टी नेतृत्व अब संगठन को नए तेवर और नई रणनीति के साथ आगे बढ़ाने की तैयारी में जुट गया है।

सूत्रों के अनुसार, मंगनी लाल मंडल की अस्वस्थता के कारण वे संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका नहीं निभा पा रहे हैं। ऐसे में पार्टी नेतृत्व उनके सहयोग के लिए या उनकी जगह एक नए कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति पर गंभीरता से विचार कर रहा है। इसे लेकर पार्टी के भीतर मंथन तेज हो गया है। कार्यकारी अध्यक्ष पद की रेस में फिलहाल कई बड़े नेताओं के नाम चर्चा में हैं। इनमें बोधगया विधायक कुमार सर्वजीत, उजियारपुर विधायक आलोक मेहता, पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम, बक्सर सांसद सुधाकर सिंह और वरिष्ठ एमएलसी सुनील कुमार सिंह का नाम प्रमुख रूप से लिया जा रहा है। इन नेताओं को पार्टी के अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

हालांकि अब तक किसी एक नाम पर अंतिम सहमति नहीं बनी है। पार्टी सूत्रों की मानें तो राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव की सहमति के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी मिलते ही नए कार्यकारी अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।

गौरतलब है कि मंगनी लाल मंडल 25 जून 2025 को बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। लेकिन पद संभालने के कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत खराब रहने लगी। यही वजह रही कि वे अब तक पूरी प्रदेश कमेटी का गठन भी नहीं कर पाए हैं। इससे संगठनात्मक कामकाज प्रभावित होने की चर्चा पार्टी के अंदर लगातार होती रही है। राजद के रणनीतिकार फिलहाल एमएलसी चुनाव के दौरान किसी बड़े बदलाव से बचना चाहते हैं। माना जा रहा है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होते ही पार्टी संगठन में व्यापक फेरबदल किया जाएगा। इसके तहत न केवल नए कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति होगी, बल्कि पूरी प्रदेश कमेटी का भी ऐलान किया जाएगा।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले चुनावों को देखते हुए राजद संगठन को ज्यादा सक्रिय, आक्रामक और जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में एमएलसी चुनाव के बाद पार्टी में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।