आम आदमी पार्टी में शामिल हुए अवध ओझा, दिल्ली विधानसभा चुनाव में आजमायेंगे अपनी किस्मत
- Post By Admin on Dec 02 2024

नई दिल्ली : आईएएस कोचिंग देने वाले मशहूर मोटिवेशनल स्पीकर और शिक्षक अवध ओझा ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) का दामन लिया। पार्टी के मुख्यालय में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के साथ हुए इस घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। अब चर्चा यह है कि क्या अवध ओझा दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाएंगे?
सूत्रों के मुताबिक अवध ओझा दिल्ली में किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उनकी सीट तय हो चुकी है। हालांकि, इस सीट का नाम फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है। ओझा, जो अपने शिक्षा क्षेत्र के कार्यों और सोशल मीडिया पर अपनी प्रभावशाली उपस्थिति के लिए मशहूर हैं। अब राजनीति में अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं।
अवध ओझा यूपी के गोंडा शहर के निवासी हैं और अपनी अनूठी शिक्षा शैली के लिए जाने जाते हैं। वे सोशल मीडिया पर ‘ओझा सर’ के नाम से प्रसिद्ध हैं। उनकी बातें और प्रेरणादायक बयानों के कारण वे युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। हालांकि, उनका कोई आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट नहीं है। इसके बावजूद वे फेसबुक और ट्विटर जैसे प्लेटफार्म पर अक्सर चर्चा में रहते हैं।
इससे पहले अवध ओझा लोकसभा चुनाव में भी अपनी किस्मत आजमाना चाहते थे। वे प्रयागराज सीट से चुनाव लड़ने की योजना बना रहे थे और इस सिलसिले में उन्होंने बीजेपी के कई नेताओं से मुलाकात भी की थी लेकिन टिकट नहीं मिल पाया। इसके अलावा कैसरगंज सीट पर भी उनका नाम चर्चा में था। अब जब वे आम आदमी पार्टी में शामिल हो चुके हैं, तो दिल्ली विधानसभा चुनाव में उनकी भागीदारी की संभावना जताई जा रही है।
अवध ओझा सियासत में भी काफी सक्रिय रहते हैं और वे प्रमुख नेताओं के बारे में अपने विचार रख चुके हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को एक विजनरी नेता बताया है और कहा कि वे देश के प्रधानमंत्री बन सकते हैं। इसके अलावा उन्होंने राहुल गांधी को प्रियंका गांधी से बेहतर नेता बताया और कहा कि प्रियंका गांधी एक अच्छी कोऑर्डिनेटर और आयोजक हैं।
अवध ओझा की आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। वे दिल्ली में एक मजबूत नेता के रूप में उभर सकते हैं और केजरीवाल के नेतृत्व में अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत कर सकते हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि वे पार्टी के टिकट पर दिल्ली विधानसभा चुनाव में किस सीट से उम्मीदवार बनते हैं और क्या वे सियासी दुनिया में अपनी जगह बना पाते हैं।
राजनीति में अपनी नई पारी शुरू करने वाले अवध ओझा के लिए दिल्ली विधानसभा चुनाव एक बड़ा मौका साबित हो सकता है। उनके शिक्षण और सामाजिक प्रभाव को ध्यान में रखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि ओझा आम आदमी पार्टी के लिए एक ताकतवर चेहरा बन सकते हैं।