रंगकर्मियों की पहल : नुक्कड़ नाटक और गीत-संगीत से एड्स के प्रति जागरूकता का संदेश
- Post By Admin on Mar 26 2026
मुजफ्फरपुर : बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के निर्देश पर गुरुवार को मुजफ्फरपुर शहर के विभिन्न स्थानों पर गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन दोस्ताना सफर, पटना की ओर से किया गया।
जागरूकता अभियान के तहत कच्ची-पक्की चौक, मिठनपुरा चौक और आरडीएस कॉलेज के पास रंगकर्मी संजय कुमार यादव के निर्देशन में एचआईवी/एड्स पर आधारित नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने गीत-संगीत और अभिनय के जरिए लोगों के बीच फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए इस बीमारी से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
नाटक के दौरान डॉक्टर की भूमिका निभा रहीं कुमकुम भारती ने बताया कि असुरक्षित यौन संबंध, दूषित रक्त चढ़ाने, संक्रमित सुई या इंजेक्शन के उपयोग तथा एचआईवी संक्रमित महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे को भी संक्रमण का खतरा हो सकता है। उन्होंने बताया कि संक्रमित लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1097 और एआरटी केंद्रों पर इलाज की व्यवस्था उपलब्ध है।
कार्यक्रम में कठपुतली कलाकार सुनील कुमार, महावीर साह, मिल्की, सोनली तिवारी, प्रमिला देवी, महेश्वर पासवान, कृष्णा भगत और शैलेश सहित कई कलाकार मौजूद रहे। कलाकारों ने अपने प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव और समय पर जांच कराने के प्रति जागरूक किया।