टीबी मुक्त अभियान की समीक्षा, 14 अगस्त तक 62,115 हाई-रिस्क लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य
- Post By Admin on Jul 06 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी ने सोमवार को टीबी मुक्त अभियान की प्रगति एवं विभिन्न सूचकांकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में 14 अगस्त 2026 तक जिले में 62,115 उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों की स्क्रीनिंग पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि स्क्रीनिंग के बाद संदिग्ध मरीजों का एक्स-रे कराया जाएगा। रामगढ़ प्रखंड में एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिलने पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मरीजों को एम्बुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल भेजकर उनकी जांच सुनिश्चित कराई जाए। अभियान के तहत प्रखंडवार साप्ताहिक स्क्रीनिंग लक्ष्य भी तय किया गया है। इसके अनुसार लखीसराय प्रखंड को 400, सूर्यगढ़ा को 200, बड़हिया को 150, हलसी को 100, चानन को 70, रामगढ़ चौक को 60 तथा पिपरिया को 50 लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य दिया गया है। वहीं, इस सप्ताह जिले में कुल 20 हजार लोगों की स्क्रीनिंग करने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में बताया गया कि जिले में 299 टीबी मरीजों के विरुद्ध 260 निश्चय मित्रों द्वारा 279 मरीजों को गोद लिया जा चुका है, ताकि उन्हें उपचार के दौरान आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके। जिला पदाधिकारी ने अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि राज्य सरकार की ओर से लखीसराय के ग्रामीण क्षेत्रों में टीबी जांच को सुदृढ़ करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से लैस एक पोर्टेबल एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई गई है, जिससे स्क्रीनिंग और जांच की प्रक्रिया को गति मिलेगी।