लखीसराय में छोटी दुर्गा माता की भव्य बेल भरनी शोभायात्रा संपन्न, भक्ति और उल्लास से सराबोर हुआ शहर
- Post By Admin on Oct 17 2026
लखीसराय : श्री श्री 108 श्री जगतजननी दुर्गा पूजा समिति, पुरानी बाजार छोटी मां दुर्गा स्थान के तत्वावधान में सप्तमी तिथि पर भव्य और ऐतिहासिक बेल भरनी शोभायात्रा निकाली गई। 11 ब्राह्मणों की शंखध्वनि, बनारस के आचार्य केशव जी, यजमान अभिनंदन कुमार तथा चित्रकूट के विद्वान आचार्यों के मंत्रोच्चार और मां जगतजननी के पाठ के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। समिति के अध्यक्ष बासुकीनाथ, सचिव सुरेश ड्रोलिया, कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार सोनी, संयुक्त मंत्री पिंटू गुप्ता, उपाध्यक्ष राजनीति प्रसाद गुप्ता, कृष्ण मुरारी, बंटी डालमिया, विवेक छापड़िया, संजीव सोनी, दानी, अरविंद कुमार, वरुण कुमार, अशोक गुप्ता, राजीव सिन्हा, डिंपू कुमार, सुनील कुमार शर्मा, कुंदन सिंह, विक्की मोहनी, सुभाष, शिवम, रितेश, विजय, आदित्य सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं की देखरेख में शोभायात्रा निकाली गई। अनुष्ठान में मणिकांत पांडे, मणिकांत चतुर्वेदी, कृष्ण कुमार पांडे, रोशन कुमार पांडे, विनय पांडे, रवि शंकर पांडे सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

हाथी, घोड़ा, पालकी, रथ, ढोल-भांगड़ा, आसनसोल पश्चिम बंगाल के मशहूर बैंड और नृत्य दलों के साथ निकली यह शोभायात्रा आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। विभिन्न वाहनों पर सजी शेर पर सवार मां दुर्गा, नंदी पर सवार भगवान शिव, नरमुंड पर विराजमान मां काली, शिव तांडव, गणेश स्तोत्र और देवी स्तुति की मनमोहक झांकियों के साथ भगवा ध्वज लहराते हुए और पुष्प-गुलाल उड़ाते हुए श्रद्धालु माता की डोली लेकर आगे बढ़े। मंदिर प्रांगण से शुरू होकर शोभायात्रा पुरानी बाजार चितरंजन रोड, पीबी हाई स्कूल, प्रभात चौक और मुख्य मार्ग होते हुए शहीद द्वार पहुंची। पचना रोड चौक पर बड़ी दुर्गा माता के साथ पारंपरिक मिलन और स्वागत के पश्चात शोभायात्रा पचना रोड होते हुए संसार पोखर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। इस दौरान भारत माता कमेटी के सदस्यों, वार्ड पार्षद सोनी, डब्ल्यू यादव, सोनी मुखिया, डॉ. एस एन भारती, राज टॉकीज के संचालक रितेश कुमार व उनकी टीम, बेड बॉय के प्रोपराइटर, व्यवसायी संजय बंका, मानिक चंद्र डिबिया वाला तथा श्रीराम हार्डवेयर सहित कई गणमान्य लोगों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पुष्प वर्षा, शीतल पेय, फल व अल्पाहार की व्यवस्था की गई।

शोभायात्रा में प्रस्तुत झांकियों का निर्देशन एम आई डांस ग्रुप की कोरियोग्राफर पूजा वर्मा और छोटू कुमार, मनोज मेहता, मनोज अलकतरा तथा संत जॉन्स स्कूल के निदेशक राजेश शर्मा व उनकी टीम के दो महीने के अथक प्रयास से संभव हुआ। नवदुर्गा अवतार, रक्तबीज वध, महिषासुर मर्दिनी, पंचमुखी हनुमान और काली के पंच अवतार की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

समिति के सचिव सुरेश ड्रोलिया ने बताया कि षष्ठी को बिल्व निमंत्रण के बाद सप्तमी को बेल भरनी के साथ देवी को मंदिर में स्थापित किया जाता है, जिससे पूजा की वास्तविक शुरुआत होती है। अध्यक्ष बासुकीनाथ और कृष्ण मुरारी ने बताया कि बेल भरनी के बाद वैदिक आह्वान कर माता का पट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिया जाता है। इस भव्य आयोजन को शांतिपूर्ण व सुरक्षित संपन्न कराने में जिला प्रशासन, शहर के प्रमुख जिम से जुड़े युवाओं तथा सामाजिक-धार्मिक संगठनों का सहयोग सराहनीय रहा।