युवाओं ने संभाली कमान: आरडीएस कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवकों ने वीडियो संदेशों से चलाया साक्षरता अभियान
- Post By Admin on Sep 08 2026
मुजफ्फरपुर : अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर 8 सितंबर को आरडीएस कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से साक्षरता के महत्व को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर NSS स्वयंसेवकों ने बड़ी संख्या में छोटे-छोटे वीडियो बनाकर साझा किए। इन वीडियो के माध्यम से स्वयंसेवकों ने शिक्षा एवं साक्षरता के महत्व को रेखांकित करते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्राचार्य प्रो. शशि भूषण कुमार ने NSS स्वयंसेवकों की सामाजिक भूमिका पर जोर देते हुए उन्हें विभिन्न सामाजिक मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा स्वयंसेवक अपनी ऊर्जा, रचनात्मकता और डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक उपयोग कर समाज में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने साक्षरता जैसे महत्वपूर्ण विषय पर स्वयंसेवकों द्वारा वीडियो के माध्यम से जागरूकता फैलाने की पहल की सराहना की तथा भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
वहीं, NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सौरभ राज ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि साक्षरता व्यक्ति को जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से अपना छोटा-सा वीडियो बनाकर साक्षरता के प्रति जागरूकता फैलाने में योगदान देने का आह्वान किया।
डॉ. सौरभ राज के इस आह्वान पर खुशी (मनोविज्ञान विभाग), ऋषि, अमित, राहुल, सिम्पी, नीतू, शुभम, मनीषा, सुमन, खुशी (गणित विभाग) एवं सनी कुमार सहित अन्य स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कई जागरूकता वीडियो तैयार किए। स्वयंसेवकों ने अपने वीडियो संदेशों के माध्यम से लोगों को शिक्षा के महत्व को समझने तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों को साक्षरता के प्रति जागरूक करने की अपील की। इस अभियान के माध्यम से NSS स्वयंसेवकों ने यह संदेश दिया कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने की क्षमता नहीं, बल्कि जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला है।