भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में दीप सजावट प्रतियोगिता, प्रशिक्षुओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

  • Post By Admin on Nov 04 2026
भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में दीप सजावट प्रतियोगिता, प्रशिक्षुओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

मुजफ्फरपुर : दीपावली के अवसर पर भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के वंदना सभागार में बुधवार को दीप सजावट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बीएड प्रथम वर्ष सत्र 2026-28 के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रशिक्षुओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और वंदना के साथ हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार पाल, डीएलएड विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश चन्द्र और कला के प्राध्यापक मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार पाल ने प्रशिक्षुओं की कलात्मक प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने अपनी बुद्धि और कला का उपयोग करते हुए सुंदर एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां दी हैं। शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं के लिए ऐसे आयोजन काफी महत्वपूर्ण हैं। भविष्य में वे अपने कलात्मक कौशल और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भी प्रेरित कर सकेंगे। इससे समाज और राष्ट्र के निर्माण में उनकी सकारात्मक भूमिका सुनिश्चित होगी।

प्रतियोगिता में काजू कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रूपा कुमारी दूसरे स्थान पर रहीं। तृतीय स्थान पर खुशी कुमारी, आयुषी प्रिय, रिद्धिमा, तन्नु कुमारी, ज्योति कुमारी, रकिवा बनो और अमीषा कुमारी ने स्थान बनाया। सभी विजेताओं को प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार पाल और डीएलएड विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश चन्द्र ने संयुक्त रूप से पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. सतीश चन्द्र ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रशिक्षुओं और आयोजन में सहयोग करने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को दीपावली और छठ पूजा की शुभकामनाएं भी दीं। इस मौके पर डॉ. मिन्नी कुमारी, डॉ. सौरभ कुमार, डॉ. अनामिका रानी, डॉ. हितेन्द्र कुमार, शैलेन्द्र मिश्र, प्रवाल बेरा, रामजी यादव, सुरेन्द्र प्रताप, राजन यादव, सिद्धेश्वर प्रताप पटेल, अभिषेक कुमार पाल सहित महाविद्यालय के शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे।