राजकीय डिग्री कॉलेज स्थापना की तैयारी तेज, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
- Post By Admin on Jun 03 2026
लखीसराय : जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में पहल तेज हो गई है। राज्य सरकार की योजना के तहत स्थापित किए जाने वाले डिग्री महाविद्यालयों के अस्थायी संचालन एवं क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने पिपरिया प्रखंड के बलीपुर स्थित उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित राजकीय डिग्री महाविद्यालय की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने महाविद्यालय के अस्थायी संचालन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित प्राचार्य को निर्देश दिया कि नामांकन प्रक्रिया, कक्षाओं के संचालन, आधारभूत संरचना तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का लाभ मिल सके। समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि महाविद्यालय के संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर अंचलाधिकारी, पिपरिया को प्रस्तावित राजकीय डिग्री महाविद्यालय के स्थायी भवन निर्माण के लिए न्यूनतम पांच एकड़ भूमि उपलब्ध कराने हेतु शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर डिग्री महाविद्यालय का संचालन सुचारू रूप से शुरू किया जा सके और क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।