कल्याणपुर : शीतलपुर स्कूल में कविता कार्यशाला का आयोजन
- Post By Admin on Jul 21 2024

समस्तीपुर: राजकीय उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शीतलपुर में सुरक्षित शनिवार के अंतर्गत एक विशेष कविता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में 118 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यशाला की शुरुआत में कविता के महत्व और उसकी संरचना पर चर्चा की गई। शिक्षक डॉ. सतीश कुमार साथी ने कविता क्या है, कविता कैसे लिखें, कविताओं के प्रकार और काव्य पाठ के तरीकों पर विस्तार से बताया। उन्होंने कहा, "कविता मानवीय संवेदना की रक्षा करती है और इसके साथ जुड़ने वाला व्यक्ति संवेदनशील होता है।"
शिक्षक अभिषेक कुमार ने कई उदाहरणों के माध्यम से बताया कि "कविता मानवीय मन का दर्पण है" और उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे अपने मनोभावों को कविताओं के माध्यम से अभिव्यक्त करें।
कार्यशाला में चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया। वर्ग नवम की विनीता कुमारी और वर्ग दशम की संजना कुमारी को प्रमाण पत्र और मेडल से पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन डॉ. सतीश कुमार साथी ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और कविता लेखन के प्रति अपनी रुचि को प्रकट किया।