रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय में 6 दिवसीय आर्ट एंड क्राफ्ट कार्यशाला का शुभारंभ
- Post By Admin on Sep 13 2024

मुजफ्फरपुर : रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय में शुक्रवार से 6 दिवसीय आर्ट एंड क्राफ्ट कार्यशाला का उद्घाटन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन महाविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग और पिडीलाइट इंडस्ट्रियल लिमिटेड के संयुक्त तत्वाधान में किया गया है। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्या, डॉ. ममता रानी द्वारा किया गया।
उद्घाटन समारोह में छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने इस कार्यशाला को छात्राओं के कौशल विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कलाओं के माध्यम से छात्राएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं और यह उनके भविष्य के लिए उपयोगी साबित होगा।
इस अवसर पर गृह विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. अंजली चंद्रा और मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. अंकिता सिंह ने भी छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि छात्राओं को नियमित रूप से इसमें भाग लेना चाहिए और व्यावहारिक पक्ष पर अधिक ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम में गृह विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. विनीता रानी, मनोविज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. अनु कुमारी, डॉ. नाहिद, और डॉ. पुतुल भी उपस्थित थीं। इस 6 दिवसीय कार्यशाला में गृह विज्ञान और मनोविज्ञान विभाग की 50 से अधिक छात्राएं भाग ले रही हैं।
कार्यशाला के पहले दिन छात्राओं ने टाई एंड डाई की कला सीखी। इसके साथ ही कार्यशाला में पॉटरी पेंटिंग, अंब्रेला पेंटिंग, और ग्लास पेंटिंग जैसी विभिन्न कलाओं का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंतिम दिन छात्राओं द्वारा बनाई गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें उनकी रचनात्मकता को प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाग लेने के लिए छात्राओं में विशेष उत्साह देखा गया, जो इसे सफल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।