सरकारी विद्यालयों में अनियमितताएं, सख्त कार्यवाई के निर्देश
- Post By Admin on Jul 13 2023

कैमूर : आज दिनांक 13 जुलाई, 2023 को जिला पदाधिकारी सावन कुमार के द्वारा उत्क्रमित मध्य विद्यालय केवॉ, आंगनवाड़ी केंद्र एवं उच्च विद्यालय केवॉ का औचक निरीक्षण किया गया और निम्नवत दिशा निर्देश दिया गया।
उत्क्रमित मध्य विद्यालय केवॉ के निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा बच्चों के बीच बैठकर शैक्षणिक गुणवत्ता को परखा गया। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी ने पाया कि कक्षा 6 के कुछ बच्चे ABCD नहीं पढ़ पा रहे हैं एवं कक्षा 7 के कुछ बच्चे हिंदी का किताब नहीं पढ़ पा रहे। प्रधानाध्यापक द्वारा पठन कार्य का सही ढंग से पर्यवेक्षण नहीं किया रहा है। निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक गुटका खाते हुए भी पाए गए। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को प्रधानाध्यापक उत्क्रमित मध्य विद्यालय केवॉ से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। उच्च विद्यालय केवॉ के निरीक्षण के क्रम में विद्यालय में कुल नामांकित 492 बच्चों में केवल 212 बच्चे ही उपस्थित पाए गए। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा प्रधानाध्यापक को बच्चों की सत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
उच्च विद्यालय केवॉ के निरीक्षण के क्रम में विद्यालय में अवस्थित शौचालय की स्थिति सही नहीं पायी गई। प्रधानाध्यापक द्वारा बताया गया कि वित्तीय प्रभाव नहीं मिलने की वजह से विकास कार्य प्रभावित है। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को अविलंब वित्तीय प्रभार प्रधानाध्यापक को देने का निर्देश दिया गया।
आंगनबाड़ी केंद्र केवॉ 2 के निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि केंद्र पर 14 बच्चे उपस्थित हैं। उपस्थिति पंजी में 26 बच्चों की उपस्थिति दर्ज हैं। सेविका द्वारा ज़्यादा बच्चों को उपस्थिति बनाकर पोषाहार में अनियमितता बरती जा रही है। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा CDPO को आंगनबाड़ी सेविका से स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया गया है।