BRABU Admission 2026: वोकेशनल और प्रोफेशनल कोर्स में दाखिले की तारीख बढ़ी, अब 19 सितंबर तक मौका

  • Post By Admin on Sep 16 2026
BRABU Admission 2026: वोकेशनल और प्रोफेशनल कोर्स में दाखिले की तारीख बढ़ी, अब 19 सितंबर तक मौका

मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) ने सत्र 2026-27 के लिए वोकेशनल एवं प्रोफेशनल (व्यावसायिक) पाठ्यक्रमों में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रथम मेधा सूची के आधार पर दाखिले की निर्धारित समय-सीमा को विस्तारित करते हुए अब 19 सितंबर 2026 तक कर दिया है।

कॉलेज विकास परिषद (सीसीडीसी) कार्यालय की ओर से 16 सितंबर 2026 को निर्गत आधिकारिक अधिसूचना (पत्रांक CCDC/299) के अनुसार, प्रथम मेधा सूची के तहत नामांकन की अंतिम तिथि पहले 16 सितंबर 2026 तक ही निर्धारित थी। माननीय कुलपति महोदय के आदेश के बाद छात्रहित में निर्णय लेते हुए इस अवधि को तीन दिनों के लिए आगे बढ़ाया गया है।

यह पत्र विश्वविद्यालय के सभी संबद्ध एवं अंगीभूत महाविद्यालयों के प्राचार्यों तथा संबंधित विश्वविद्यालय विभागों के विभागाध्यक्षों को प्रेषित किया गया है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नामांकन से जुड़ी अन्य सभी नियम व शर्तें 10 सितंबर 2026 को जारी पूर्व पत्रांक (CCDC/291) के अनुसार ही प्रभावी रहेंगी। संबंधित महाविद्यालयों और विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे संशोधित अवधि के भीतर नामांकन की पूरी प्रक्रिया संपन्न करना सुनिश्चित करें, ताकि चयनित अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी के अपना प्रवेश ले सकें।